भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

हारे बूथों पर Focus, मंडल स्तर तक Networking

  • मिशन उपचुनाव में भाजपा ने झोंकी ताकत
भोपाल। प्रदेश में उपचुनावों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन भाजपा (BJP) चुनावी मोड में आ गई है। भाजपा ने प्रदेश में तीन विधानसभा सीटों पर चुनावी व्यूहरचना शुरू कर दी है। इसके तहत 13 मंत्रियों को तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर जिम्मेदारी देने के बाद अब मंडल स्तर तक की बैठकों पर फोकस करना तय किया गया है। इसके अलावा भाजपा पिछले चुनावों में हारे हुए बूथों पर विशेष तौर पर ध्यान दे रही है। जिन बूथों पर पिछले चुनाव में शिकस्त मिली थी, उन सभी बूथों का डाटा-बेस तैयार किया जा रहा है। हर जगह भौगोलिक व सियासी मापदंडों के आधार पर चुनाव की रणनीति बनाई जाएगी। इसके लिए संबंधित मंत्रियों और उनके संगठन के सहयोगी नेताओं की रिपोर्ट के आधार पर काम होगा।
डॉ. मुखर्जी के स्वप्न हो रहे साकार: पचौरी
राजधानी भोपाल में भाजपा मंडलवार बैठकें कर कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दे रही है। शाहपुरा, बरखेड़ी, अवधपुरी, आनंद नगर मंडल की कार्यसमिति बैठक संपन्न हुई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने कहा कि जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने नेहरू मंत्रिमंडल से त्यागपत्र देकर जम्मू कश्मीर की विचारधारा के लिए पूरे देश में आंदोलन खड़ा किया। जिन्होंने विचारों के साथ समझौता नहीं किया और नेहरू और इंदिरा गांधी सरकार को अपने आंदोलन के आगे झुका दिया। भाजपा का कार्यकर्ता विचार के लिए काम करता है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शाहपुरा मंडल कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ और छलकपट फैलाने का काम कर रही है। मंडल और बूथ के कार्यकर्ता पार्टी के प्रवक्ता बनकर केन्द्र और राज्य सरकार के कामों को जनता तक ले जाए और कांग्रेस को बेनकाब करें। 
मंडल बैठकों में सियासी रंग चढ़ा
केंद्रीय नेतृत्व ने भाजपा को 31 जुलाई के पहले मंडल स्तर की बैठकें करके रिपोर्ट देने के लिए कहा था। इसके तहत मंडल स्तर पर बैठकों का दौर चल रहा है, लेकिन अब इसमें सियासी रंग चढ़ गया है। अभी पचास फीसदी मंडल स्तर पर भी बैठकें पूरी नहीं हो सकी है। इस कारण केंद्रीय नेतृत्व से इसके लिए अतिरिक्त मोहलत मांगी जाएगी। बहरहाल, अभी उपचुनाव वाली सीटों पर मंडल स्तर की बैठकें पहले करने पर फोकस किया जा रहा है। इन बैठकों में भी चुनाव के हिसाब से प्रबंधन के निर्देश दे दिए गए हैं।
Share:

Next Post

पिता ने बेटी से रेप की कोशिश की, बहनों की समझाइश पर पीडि़ता ने प्रकरण दर्ज कराया

Sat Jul 31 , 2021
फरियादिया के रिश्तेदारों ने साथ देने से किया इनकार, चुप रहने की दी थी हिदायत भोपाल। कोतवाली इलाके में रहने वाली युवती को उसके ही सगे पिता ने हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर पीडि़ता के साथ मारपीट की और उसे गाली ग्लोच कर घर से निकालने की धमकी दी गई। […]