
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले की नैहाटी सीट से पूर्व टीएमसी विधायक सनत डे को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उन पर वसूली और भाजपा कार्यकर्ताओं से कथित मारपीट के आरोप हैं। पुलिस ने उन्हें सुबह दत्तपुकुर से पकड़ा। उन्हें बाद में नैहाटी थाने ले जाया गया। पुलिस उन्हें शनिवार को बैरकपुर उपमंडलीय अदालत में पेश कर सकती है।
सनत डे की गिरफ्तारी के बाद भाजपा कार्यकर्ता नैहाटी थाने के बाहर जुट गए और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सनत डे बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र की राजनीति में प्रभावशाली रहे हैं। वह पूर्व राज्य मंत्री पार्थ भौमिक के करीबी सहयोगी माने जाते थे। वह पहले नैहाटी नगरपालिका के परिषद अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
डे ने 2024 में उपचुनाव में टीएमसी के टिकट पर नैहाटी विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। पार्थ भौमिक के विधानसभा सीट छोड़कर 2024 का बैरकपुर लोकसभा चुनाव लड़ने के बाद यह उपचुनाव हुआ था। हालांकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में डे को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा ने आरोप लगाया है कि सनत डे विधायक बनने से पहले और विधायक रहते हुए भी वसूली समेत कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे। पिछले कुछ महीनों में उनके खिलाफ नैहाटी थाने में कई शिकायतें दर्ज होने की बात कही गई है।
शिकायतें दर्ज होने के बाद डे के कथित तौर पर फरार होने की बात सामने आई। पुलिस की टीमों ने उनके आवास पर तलाशी भी ली थी, लेकिन उस समय वह नहीं मिले। इसके बाद शनिवार को दत्तपुकुर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved