
इंदौर। इंदौर शहर में 9 जून से 13 जून तक आयोजित हो रहे ब्रिक्स देशों के उच्च स्तरीय कृषि सम्मेलन के अंतर्गत मेघदूत उपवन में विशेष रूप से विकसित की गई ‘ब्रिक्स वाटिका’ में सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों से आए अतिथियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के संदेश देते हुए पौधारोपण किया।
इस उद्देश्य से मेघदूत उपवन में ब्रिक्स वाटिका का विकास किया गया, जहां कुल 51 फलदार पौधे लगाए जाने की योजना है। आज के पौधारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल सदस्य देशों के प्रतिनिधियों द्वारा 21 फलदार पौधों का रोपण किया गया, जो अंतरराष्ट्रीय सहयोग, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास का प्रतीक है।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला सहित सम्मेलन में पधारे गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
उद्यान प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि आयोजन के इस अवसर पर अतिथियों ने पौधारोपण स्थल के साथ मेघदूत उपवन का सौंदर्यीकरण भी देखा। प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान विकसित किए गए ग्लोबल गार्डन तथा उसके पश्चात यूरेशियन कांफ्रेंस के दौरान तैयार किए गए यूरेशिया गार्डन की तर्ज पर अब मेघदूत उपवन में ब्रिक्स वाटिका विकसित की गई है। यह वाटिका अंतरराष्ट्रीय मित्रता, पर्यावरणीय प्रतिबद्धता तथा हरित विकास के साझा संकल्प को प्रदर्शित करेगी।
मेघदूत उपवन में एक आकर्षक आइलैंड का निर्माण किया गया है, जिस पर “BRICS INDIA” अंकित किया गया है। इसके साथ ही परिसर में गुलाब उद्यान, संगीतमय फाउंटेन, कमल थीम आधारित सजावट, आकर्षक लैंडस्केपिंग तथा विभिन्न सौंदर्यीकरण कार्य किए गए। सम्मेलन में शामिल प्रत्येक ब्रिक्स देश का राष्ट्रीय ध्वज भी परिसर में लगाए गए, जिससे यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक विविधता एवं सहयोग का प्रतीक बना।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved