बड़ी खबर व्‍यापार

डांवाडोल अर्थव्यवस्था में बाजीगर बने गौतम अडाणी, व्यक्तिगत संपत्ति में 18.4 अरब डॉलर का इजाफा

नई दिल्ली। कारोबारी जगत (business world) के लिए 2022 की शुरुआत से ही लगातार दबाव वाला साल बना हुआ है। कोरोना महामारी (corona pandemic) पर काबू पाने के बावजूद वैश्विक अर्थव्यवस्था (Global Economy) अभी तक पटरी पर नहीं आ सकी है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने अर्थव्यवस्था को और भी डांवाडोल कर दिया है। ऐसी विषम परिस्थितियों में भी भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी (Indian industrialist Gautam Adani) बाजीगर बनकर उभरे हैं, जिन्होंने इस साल अभी तक 18.4 अरब डॉलर की कमाई करने में सफलता हासिल की है। 18.4 अरब डॉलर की कमाई के साथ उनकी व्यक्तिगत संपत्ति 94.9 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई है।


ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स के आंकड़े बताते हैं कि 2022 में गौतम अडाणी व्यक्तिगत संपत्ति में बढ़ोतरी करने के मामले में पूरी दुनिया में दूसरे स्थान पर रहे हैं। इस साल अभी तक गौतम अडाणी से अधिक कमाई सिर्फ वॉरेन बफेट ने की है, जो अभी तक 21.1 अरब डॉलर की कमाई कर चुके हैं। दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में गौतम अडाणी 11वें स्थान पर हैं। इसके बावजूद कमाई करने के मामले में इस साल अभी तक वे भारत के सबसे रईस उद्योगपति मुकेश अंबानी समेत दुनिया के शीर्ष रईस उद्योगपतियों एलन मस्क, जैफ बेजॉस, बर्नार्ड अरनॉल्ट और बिल गेट्स तक को पीछे छोड़ चुके हैं।

इस साल अभी तक एलन मस्क अपनी व्यक्तिगत संपत्ति में 4.5 अरब डॉलर का और जैफ बेजॉस 1.42 अरब डॉलर का इजाफा करने में सफल रहे हैं। दुनिया के तीसरे सबसे रईस व्यक्ति बर्नार्ड अरनॉल्ट की संपत्ति में अभी तक 33.4 अरब डॉलर की और चौथे सबसे रईस व्यक्ति बिल गेट्स की संपत्ति में 3.94 अरब डॉलर की कमी आ चुकी है।

इस साल जिस तरह से गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में इजाफा हुआ है, उससे इस बात की उम्मीद भी बनने लगी है कि जल्दी ही वो एक बार फिर व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में मुकेश अंबानी (व्यक्तिगत संपत्ति 97.6 अरब डॉलर) से आगे निकल सकते हैं। इसके साथ ही 100 अरब डॉलर की संपत्ति वाले रईसों की सूची में भी वो जल्द ही अपना स्थान बना सकते हैं।

पूरी दुनिया में बढ़ रही महंगाई, ब्याज दरों में बढ़ोतरी और रूस यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के कारण दुनिया भर के शेयर बाजारों में नकारात्मक माहौल बना हुआ है। दुनिया भर की दिग्गज कंपनियों के शेयर मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात की वजह से दबाव का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद अडाणी ग्रुप की कंपनियां शेयर बाजार में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही हैं। इस ग्रुप की कंपनियों में से अडाणी एंटरप्राइजेज, अडाणी विल्मर, अडाणी ग्रीन एनर्जी, अडाणी ट्रांसमिशन, अडाणी पावर और अडाणी टोटल गैस जैसी कंपनियों के शेयरों ने 2022 में अभी तक 12 से लेकर 103 प्रतिशत तक की जबरदस्त छलांग लगाई है।

गौतम अडाणी को अपने ग्रुप की कंपनियों में से सिर्फ अडाणी पोर्ट्स से आशा के अनुरूप कमाई नहीं हो सकी है। ये कंपनी इस साल अभी तक मुश्किल से 1 प्रतिशत तक की बढ़त बना सकी है। अडाणी ग्रुप की कंपनियों में अडाणी विल्मर ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया है, जो लिस्टिंग के बाद से अभी तक 100 प्रतिशत से अधिक की छलांग लगा चुकी है। इसी तरह अडाणी पावर और अडाणी ट्रांसमिशन के प्रदर्शन से भी अडाणी ग्रुप और विशेष रूप से गौतम अडाणी की संपत्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

यूक्रेन संकट के बावजूद भारत एफडीआई हासिल करने वाले पांच प्रमुख देशों में : सीतारमण

Wed Mar 30 , 2022
-वित्त मंत्री ने कहा, संसाधन जुटाने के लिए कराधान का सहारा नहीं लिया नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) ने कहा कि कोरोना महामारी के समान (like corona epidemic) यूक्रेन युद्ध का असर (Impact of Ukraine war) भी सभी देशों पर पड़ रहा हैं। इसके बावजूद भारत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) […]