देश राजनीति

राज्यपाल व ममता विवाद में कूदी भाजपा, कहा: बौखला गयीं हैं ममता

कोलकाता। राज्यपाल और ममता सरकार के बीच विवाद के बीच भाजपा ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बौखला गयीं हैं और अपनी पद की मर्यादा का उल्लंघन कर रही हैं। उन्हें गवर्नर के पद की सीमा और अधिकार का भी बोध नहीं रहा है।

भाजपा के महासचिव और प्रदेश भाजपा के केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “ममता जी बौखला गयीं हैं। प्रशासन पर उनका नियंत्रण नहीं है। अब तो टीएमसी के गुंडों पर भी उनका नियंत्रण समाप्त हो गया है। ममता जी अपने पद की मर्यादा का उल्लंघन कर रही हैं। उन्हें गवर्नर की सीमा और अधिकार का बोध नहीं है। शिक्षा के क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की छवि पूरे देश में कभी अव्वल हुआ करती थी, लेकिन वर्तमान शिक्षा व्यवस्था चरमरा गयी है। इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा में राजनीतिक हस्तक्षेप किया। आज बंगाल की बर्बादी के लिए माकपा के बाद तृणमूल कांग्रेस सबसे ज्यादा उत्तरदायी है। ममता को अगले चुनाव में इसका जवाब जनता देगी।

उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में लगातार हत्या का दौर चालू है। आज भी नदिया में भाजपा के एक कार्यकर्ता की हत्या कर दी गयी। तीन साल में 106 भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की गयी है। उन्होंने हेमताबाद के विधायक की की मौत को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा आत्महत्या करार दिये जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि ममता जी में दम है तो केंद्र सरकार को सीबीआई जांच कराने के लिए पत्र लिखें। यह पूरी तरह से राजनीतिक हत्या है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा यह कहने पर कि कोरोना मुकाबले में केंद्र सरकार से कोई मदद नहीं मिली और उनके हाथ में कोई मैजिक नहीं है, पर कटाक्ष करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद स्वास्थ्य मंत्री हैं और बंगाल की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो गयी है। जान बूझकर बंगाल की जनता को अंधकार में रखने की कोशिश की जा रही है। गलत आंकड़े पेश किये जा रहे हैं। जनता को गुमराह किया जा रहा है। यह बंगाल की जनता के साथ धोखा है और जनता को धोखा देने वाली मुख्यमंत्री को अपने पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। (एजेन्सी, हि.स.)

Share:

Next Post

भाजपा सरकार जुमलेबाजी से ध्यान भटकाने की स्किल में पारंगतः अखिलेश

Fri Jul 17 , 2020
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि जुमलेबाजी से ध्यान भटकाने की स्किल में पारंगत भाजपा सरकार ने करोड़ों युवाओं की आशाओं, सम्भावनाओं और प्रतिभाओं को निराश किया है। युवकों का भविष्य अंधकार में है। रोजगार के अवसर न सृजित हो रहे हैं और न उसकी सम्भावनाएं हैं। […]