
- स्वास्थय विभाग ने तत्काल बनाए आयुष्मान कार्ड
नागदा। रविवार को जन समस्या निवारण शिविर में पहुँचे 954 आवेदनों का निराकरण किया गया। कई आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया, वहीं कुछ आवेदन के लिए विभागीय कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाकर आवेदन प्राप्त किए गए। साथ ही ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर समस्याओं का त्वरित निदान भी किया। शिविर में 954 आवेदन पहुंचे। इसमें सबसे अधिक आवेदन राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 203 आवेदन हुए। वहीं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से संबंधित 144 आवेदन आए। राजस्व विभाग, ऊर्जा विभाग, श्रम विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग संबंधित आवेदन भी पहुँचे। लंबे समय से अटके और तकनीकी कारणों से लंबित 65 आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए। 35 नागरिकों का नि:शुल्क ब्लड टेस्ट किया गया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, नपा अध्यक्ष संतोष ओपी गेहलोत, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, असंगठित कामगार मंडल पूर्व अध्यक्ष सुल्तानसिंह शेखावत, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र अवाना, बिरलाग्राम मंडल अध्यक्ष प्रकाश जैन, एसडीएम रंजना पाटीदार, बीएमओ डॉ. संजीव कुमरावत, तहसीलदार मधु नायक, नपा सीएमओ सतीश मटसेनिया, नपा उपाध्यक्ष सुभाषचंद शर्मा आदि मौजूद थे।