
चंडीगढ़ । हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह (Haryana State Congress President Rao Narendra Singh) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार भेंट की (Paid courtesy call on Congress President Mallikarjun Khadge) । इस दौरान उन्होंने हरियाणा की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा प्रदेश के विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
राव नरेंद्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष को प्रदेश में जनता के बीच बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, मजदूरों और युवाओं से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ भाजपा सरकार की नीतियों से उत्पन्न जन असंतोष की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के उत्साह तथा आगामी राजनीतिक रणनीति के संबंध में भी अवगत कराया।
इसके अतिरिक्त राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी भी कांग्रेस अध्यक्ष को दी तथा इस प्रक्रिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता अभियान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति, बढ़ते अपराधों तथा आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर पैदा हो रही चिंताओं से भी श्री खड़गे को अवगत कराया।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने हरियाणा कांग्रेस संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं को जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए एक मजबूत और विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभरेगी। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved