बड़ी खबर

मुम्बई में भारी बारिश की चेतावनी, महाराष्ट्र के बाढ़ संभावित क्षेत्रों से 3500 लोगों को किया शिफ्ट

मुंबई। मुंबई (Mumbai) में बारिश का खतरा अभी टला नहीं है। भारी बारिश की चेतावनी (heavy rain warning) जारी की गई है। इस बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) ने कहा कि पूरे महाराष्ट्र (Maharashtra) में बाढ़ संभावित और संवेदनशील स्थानों (Flood prone and vulnerable places) से 3,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि मुंबई सहित कई जिलों में भारी बारिश हुई है। मुंबई और इसके आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को भारी बारिश के कारण अनेक स्थानों पर जलजमाव देखने को मिला, जिससे ट्रेन और वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। इस बीच, महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्थिति का जायजा लिया।


तत्काल राहत मिलती नजर नहीं आ रही
मुख्यमंत्री ने राज्य प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक सावधानी बरतने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई जान-माल का नुकसान न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ग्रस्त इलाके से साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। बरसात से महानगर में सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और तत्काल राहत मिलती नजर नहीं आ रही। नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में मुंबई और इसके उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना जतायी है।

उन्होंने कहा कि द्वीप शहर (दक्षिण मुंबई) में सुबह आठ बजे समाप्त 24 घंटों की अवधि में औसतन 95.81 मिमी बारिश हुई, जबकि इसी अवधि के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 115.09 मिमी और 116.73 मिमी बारिश दर्ज की गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों ने कहा कि सुबह आठ बजे से 11.30 बजे के बीच द्वीप शहर में औसतन 41 मिमी बारिश हुई, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 85 मिमी और 55 मिमी बारिश दर्ज की गयी।

बारिश से मुंबई रेल सेवा भी प्रभावित
रेलवे सूत्रों ने बताया कि मुंबई की जीवन रेखा मानी जाने वाली उपनगरीय ट्रेन सेवाएं कुर्ला के पास पटरियों पर जलजमाव के कारण मध्य रेलवे (सीआर) के मुख्य और हार्बर कॉरिडोर पर प्रभावित हुईं। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवाजी सुतार ने कहा कि मध्य रेलवे मार्ग के सायन, कुर्ला, तिलक नगर और वडाला क्षेत्रों में पटरियां पानी में डूब गईं। यात्रियों ने पड़ोसी नवी मुंबई में हार्बर लाइन पर पनवेल, खंडेश्वर और मानसरोवर स्टेशन में कुछ सबवे में गंभीर जल-जमाव की शिकायत की, जिससे उन्हें टखने तक पानी से गुजरना पड़ा।

उत्तर प्रदेश में मानसून की चाल बदली, सिर्फ तीन जिलों में हुई बारिश
आईएमडी ने अगले चार दिनों में महाराष्ट्र के लिए भारी बारिश की चेतावनी की है, जिसके बाद मुख्यमंत्री शिंदे ने राज्य प्रशासन के अधिकारियों को सावधानी बरतने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई जान-माल का नुकसान न हो। आईएमडी ने दक्षिण कोंकण क्षेत्र और गोवा के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और उत्तरी कोंकण, उत्तर मध्य और दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्रों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

क्या होता है मौसम विभाग की ‘रंग वाली चेतावनी’ का मतलब?
मौसम विभाग चार रंग पर आधारित भविष्यवाणियां जारी करता है। हरे रंग का मतलब कोई चेतावनी नहीं, पीले रंग का मतलब निगरानी रखें, नारंगी रंग का मतलब सतर्क रहना है, जबकि लाल रंग का मतलब चेतावनी है और इस स्थिति में कार्रवाई करने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जरूरत के हिसाब से जगह-जगह राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम तैनात की गई है और जरूरत पड़ने पर और अधिक बलों को भेजा जाएगा। बृहन्मुंबई नगर निगम के आपदा नियंत्रण कक्ष का दौरा करने के बाद शिंदे ने संवाददाताओं से कहा कि 5700 सीसीटीवी की मदद से मुंबई के हर स्थल पर नजर रखी जा सकती है।

कलेक्टरों के संपर्क में हैं सीएम
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि शिंदे ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के कलेक्टरों के संपर्क में हैं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। बयान में कहा गया है कि मुंबई की स्थिति पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुंबई के पास स्थित रायगढ़ जिले में कुंडलिका नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। अंबा, सावित्री, पातालगंगा, उल्हास और गढ़ी नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब है। सीएमओ के बयान में कहा गया, ‘‘बढ़ती बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री शिंदे ने मुख्य सचिव मनु कुमार श्रीवास्तव के साथ चर्चा की है। संरक्षक सचिवों को अपने जिलों में पहुंचने और स्थिति की निगरानी करने के लिए कहा गया है।’’

24 घंटों में लोकप्रिय हिल स्टेशन पर भारी बारिश
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को भारी बारिश को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने को कहा गया है। अधिकारियों ने कहा कि पिछले 24 घंटों में लोकप्रिय हिल स्टेशन महाबलेश्वर, पश्चिमी महाराष्ट्र के पड़ोसी इलाकों और कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश हुई, जिसके परिणामस्वरूप कोयना बांध का जलस्तर बढ़ गया।

Share:

Next Post

Maharashtra में अब सिर्फ यही सवाल, शिवसेना किसकी? ठाकरे गुट से SC में भी ज्यादा उम्मीद नहीं

Wed Jul 6 , 2022
नई दिल्ली। विधानसभा सदन (assembly house) में शक्ति परीक्षण के जरिये नई सरकार (new government) बनने के बाद महाराष्ट्र (Maharashtra) में स्थिति बदल गई है। अब सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में लंबित मामले, जिसमें विधानसभा के पूर्व डिप्डी स्पीकर की अयोग्यता का नोटिस और उसके बाद राज्यपाल के शक्ति परीक्षण देने के आदेश के खिलाफ […]