
गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी कि NDA ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया है। इस जीत के साथ NDA लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया है, जो उसके लिए ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की एक ‘पर्ची’ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
बता दें कि असम में बीजेपी ने इस बार 82 सीटों पर जीत दर्ज की। उसके सहयोगी दलों में बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 11 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और 10 सीटें जीतीं, जबकि असम गण परिषद ने 26 सीटों पर चुनाव लड़कर 10 सीटों पर जीत हासिल की। चुनाव परिणामों के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की एक पुरानी ‘पर्ची’ सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गई है। उन्होंने X पर लिखा कि 9 अप्रैल को मतदान समाप्त होने के बाद उन्होंने एक कागज पर चुनाव के संभावित नतीजों का अनुमान लिखा था।
हिमंत ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘9 अप्रैल को जब असम में मतदान खत्म हुआ, तो मैंने हमेशा की तरह एक कागज पर चुनाव के संभावित नतीजों के बारे में अपने विचार लिखे थे। एक महीने बाद, हमें जनता का ऐतिहासिक समर्थन मिला और हमने अपने अब तक के सबसे अच्छे अनुमान से भी एक सीट ज्यादा जीती। मैं सच में बहुत विनम्र और आभारी महसूस कर रहा हूं।’ इसके साथ ही उन्होंने अपनी लिखी हुई पर्ची भी साझा की, जिसमें उनके अनुमान दर्ज थे। उस नोट में शर्मा ने ‘बेस्ट’ के लिए 101 सीटें, ‘बेटर’ के लिए 90+ सीटें और ‘वर्स्ट’ के लिए 88+ सीटें लिखी थीं। दिलचस्प बात यह रही कि चुनाव परिणाम उनके ‘बेस्ट’ अनुमान के बेहद करीब पहुंचे, जिससे उनकी भविष्यवाणी की चर्चा और तेज हो गई।
वहीं, विपक्ष को इस चुनाव में बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस ने 19 सीटें जीतीं, जबकि बदरुद्दीन अजमल की एआईयूडीएफ और अखिल गोगोई की रायजोर दल को 2-2 सीटें मिलीं। तृणमूल कांग्रेस को केवल 1 सीट पर जीत मिली। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई भी हार गए। वे जोरहाट सीट पर बीजेपी विधायक हितेंद्रनाथ गोस्वामी से 23,181 वोटों के अंतर से पराजित हुए। खास बात यह है कि गौरव गोगोई 3 बार सांसद रह चुके हैं और उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में जोरहाट सीट से जीत दर्ज की थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved