खेल

हॉकीः नवल टाटा, नामधारी इलेवन, चीमा, वैदीपट्टी राजा, माता साहिब कौर ने जीते अपने मुकाबले

भोपाल। भोपाल में खेली जा रही प्रथम सब जूनियर बालक अकादमी नेशनल हॉकी चैंपियनिशप-2021 (First Sub Junior Boys Academy National Hockey Championship-2021) के तीसरे दिन नवल टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर, नामधारी इलेवन, चीमा हॉकी अकादमी, वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी और माता साहिब कौर हॉकी अकादमी लुधियाना ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। चैंपियनशिप का आयोजन हॉकी इंडिया तथा खेल और युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में साई सेंटर ग्राम गोरा में किया जा रहा है।

चैंपियनशिप के तीसरे दिन बुधवार को पहला मैच बरार हॉकी अकादमी, अमरावती और नवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर के बीच खेला गया। नवल टाटा हॉकी अकादमी ने बरार हॉकी अकादमी को एकतरफा 23-0 से पराजित किया। नवल टाटा हॉकी अकादमी के स्टार खिलाड़ी जोलेन टोपनो ने मैच में हैट्रिक सहित 5 गोल किए। वहीं, शिवम सिंह ने भी 5 गोल दागे। कप्तान रोशन एक्का, तुषार परमार और उज्ज्वल पाल ने 3-3 गोल का योगदान किया। रोहित प्रधान ने एक गोल किया।

दिन का दूसरा मैच भाई भेलो हॉकी अकादमी भागता और नामधारी इलेवन के बीच खेला गया। नामधारी इलेवन ने भाई भेलो हॉकी अकादमी को 15-1 से पराजित किया। मैच के शुरूआमी तीन क्वार्टर में नामधारी इलेवन ने 10 गोल करते हुए दबदबा बनाया। चौथे क्वार्टर में नामधारी ने 5 और भाई भेलो अकादमी ने 1 गोल किया।

तीसरा मैच चीमा हॉकी अकादमी और मुंबई स्कूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन के बीच खेला गया। चीमा हॉकी अकादमी ने मुंबई सकूल्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन को 11-1 हराया। चीमा अकादमी के सेहबाज सिंह ने तीन गोल किए। कप्तान अर्शदीप सिंह ने दो गोल किए।

चौथा मैच एचआईएम अकादमी और वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी के बीच खेला गया। वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी ने एचआईएम अकादमी को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से पराजित किया। पहले क्वार्टर में वैदीपट्टी अकादमी ने 2-1 की बढ़त हासिल किया। दूसरे क्वार्टर में एचआईएम अकादमी ने गोल करके 2-2 की बराबरी हासिल की। तीसरा क्वार्टर गोलरहित रहा। चौथे क्वार्टर में वैदीपट्टी राजा हॉकी अकादमी ने एक और गोल करके स्कोर 3-2 से अपने पक्ष में कर लिया।

वहीं, दिन का पांचवां मैच सिटिजन हॉकी इलेवन और माता साहित कौर हॉकी अकादमी, जरखड़ लुधियाना के बीच खेला गया। माता साहित कौर हॉकी अकादमी ने सिटिजन हॉकी इलेवन को 6-0 से पराजित किया। माता साहित कौर हॉकी अकादमी के लिए सुखजीत सिंह गद्दू और दिल वीर ने 2-2 गोल दागे। वहीं, कप्तान लवप्रीत सिंह और संजय सिंह ने 1-1 गोल किए।

गुरुवार को खेले जाने वाले मैच
वहीं, प्रतियोगिता में गुरुवार, 07 अक्टूबर को पहला मैच में ध्यानचन्द हॉकी अकादमी विरूद्ध मारकंडेश्वर हॉकी अकादमी प्रातः सात बजे, दूसरा मैच गुमानहेरा राईजर्स अकादमी विरुद्ध मालवा हॉकी अकादमी, हनुमानगढ़ प्रातः 8.45 बजे से, तीसरा मैच हिम अकादमी विरुद्ध जय भारत हॉकी अकादमी प्रातः 10.15 बजे और चौथा मैच एचएआर हॉकी अकादमी विरुद्ध मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी, दोपहर 3.30 बजे से खेला जाएगा। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिपः मप्र की मुस्कान ने की विश्व रिकॉर्ड की बराबरी

Thu Oct 7 , 2021
– मप्र तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते 1 स्वर्ण, 2 रजत, तीन कांस्य पदक भोपाल। मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने 40वीं राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। जमशेदपुर में खेली जा रही प्रतियोगिता में मप्र तीरंदाजी अकादमी की मुस्कान किरार ने […]