खेल

नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिपः मप्र की मुस्कान ने की विश्व रिकॉर्ड की बराबरी

– मप्र तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते 1 स्वर्ण, 2 रजत, तीन कांस्य पदक

भोपाल। मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने 40वीं राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। जमशेदपुर में खेली जा रही प्रतियोगिता में मप्र तीरंदाजी अकादमी की मुस्कान किरार ने 150 में से 150 अंक हासिल करते हुए विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी करने का गौरव हासिल किया। मप्र अकादमी की मुस्कान, रागिनी मार्को, सृष्टि, निकिता और चिराग ने मप्र के लिए पदक जीते। प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने विजेता खिलाड़ियों को पदक जीतने पर बधाई दी।

जनसम्पर्क अधिकारी महेन्द्र व्यास ने बताया कि जमशेदपुर में खेली जा रही प्रतियोगिता में बुधवार को महिला कम्पाउंड टीम में मुस्कान किरार, रागिनी मार्को, सृष्टि और निकिता की टीम ने स्वर्ण पदक जीता। मुस्कान ने व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड में रजत पदक जीता। इसी स्पर्धा में रागिनी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। स्पर्धा का स्वर्ण पदक ज्योति सुरेखा ने अपने नाम किया।

वहीं, सेमीफाइनल में मुस्कान ने रागिनी के खिलाफ 150 में से 150 अंक हासिल करते हुए विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी की। इसके साथ ही यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बन गया है। रागिनी ने रैंकिंग राउंड में मप्र को दूसरा रजत पदक दिलाया। इसी स्पर्धा में मुस्कान ने कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, चिराग और रागिनी की जोड़ी ने मिश्रित युगल में महाराष्ट्र को 157-154 के अंतर से हराकर कांस्य पदक जीता। इस तरह मप्र ने एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।

उल्लेखनीय है कि मुस्कान सहित सभी खिलाड़ी मप्र राज्य तीरंदाजी अकादमी, जबलपुर में मुख्य कोच रिचपाल सलारिया के मार्गदर्शन में प्रशिक्षणरत है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

सरकार ने दूरसंचार क्षेत्र में 100 फीसदी एफडीआई को किया अधिसूचित

Thu Oct 7 , 2021
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बुधवार को दूरसंचार क्षेत्र (Telecom Sector) में स्वत: मंजूर मार्ग से 100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) (100% Foreign Direct Investment (FDI)) की अनुमति वाले फैसले को अधिसूचित कर दिया है। उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) के बयान में कहा गया है कि दूरसंचार क्षेत्र में स्वत: मंजूर […]