भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

भोपाल में आज दो हजार स्थानों पर होगा होलिका दहन

  • धुलेंडी पर कल निकलेगा भव्य चल समारोह

भोपाल। आज फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर में जगह-जगह होलिका दहन होगा, वहीं धुलेंडी पर्व आठ मार्च बुधवार को मनाया जाएगा। इस बार पूर्णिमा तिथि दो दिन होने के कारण लोगों में असमंजस है, लेकिन शहर के अधिकांश मंदिरों में सूर्योदयाकालिक तिथि के अनुसार सात मार्च मंगलवार को होलिका दहन करेंगे। आठ मार्च बुधवार को धुलेंडी पर्व मनाया जाएगा। पेड़ों को कटने बचाने और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए गोकाष्ठ से होलिका दहन करने के प्रति शहरभर में जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी को देखते हुए गोकाष्ठ संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण समिति ने सोमवार को शहर के 42 स्थानों पर 10 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से गोकाष्ठ का विक्रय किया। पहले 38 स्थानों पर विक्रय केंद्र शुरू किए गए थे। बाद में होलिका दहन के लिए गोकाष्ठ की भारी मांग को देखते हुए चार विक्रय केंद्र और बढ़ाए गए। सोमवार रात तक 1522 क्विंटल गोकाष्ठ बिक चुका था।



चल समारोह के लिए बांटे जा रहे आमंत्रण पत्र
श्री हिन्दू उत्सव समिति का परंपरागत होली चल समारोह बुधवार मार्च को राष्ट्रीय एकता के रूप में निकाला जाएगा। इसके लिए सोमवार को जगह-जगह आमंत्रण पत्र बांटे गए। चल समारोह सभी धर्मों के अनुयायी शामिल होकर राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे। इस बार चल समारोह में बुंदेलखंड की नृत्य मंडली, किन्नरों की टोली भी शामिल होगी। समारोह में अनेक झांकियां शामिल रहेंगी जो प्रेरक संदेश देंगी। साथ ही चौराहों पर टैंकरों से रंग बरसाया जाएगा और गाडिय़ों से गुलाल उड़ाया जाएगा। हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष संतोष साहू लखपति ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि समिति के निर्णयानुसार चल समारोह में राष्ट्रीय एकता का संदेश वाहन, 12 धर्म ध्वजा, ऊंट, बैंड, शहनाई, रथ, पांच डीजे, चार तांगे, गुलाल उड़ाती मशीन, ढोल पार्टी, होली खेलते भगवान शंकर का स्वरूप, राधा-कृष्ण रथ पर आकर्षण का केंद्र होंगे।

इन रास्तों से निकलेगा चल समारोह
श्री हिंदू उत्सव समिति होली का परंपरागत त्योहार धूमधाम से मनाएगी। इस अवसर पर भव्य चल समारोह दयानन्द चौक से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ जनकपुरी जुमेराती में समाप्त होगा। जुमेराती, घोड़ा नक्कास और कुंदन नमकीन चौराहा, मंगलवारा, ट्रांसपोर्ट चौराहा, इतवारा चौराहा, इतवारा मार्केट, चिंतामन, सराफा लखेरापुरा, भवानी चौक, सोमवारा, सिंधी मार्केट से होते हुए जवाहर चौक जनकपुरी पर संपन्न होगा। यह करीब 05 किमी का रास्ता तय करेगा।

Share:

Next Post

प्रदेश में खुद को असुरक्षित समझ रही हैं महिलाएं

Tue Mar 7 , 2023
महिला कांगे्रस ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने प्रदेश में बलात्कार की घटनाएं बढऩे और महिलाओं का उत्पीडऩ नहीं थमने, महिलाओं पर जान लेवा हमले और हत्या जैसे अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था, बेलगाम मंहगाई, बढ़ती बेरोजगारी आदि को लेकर शंखनाद किया है। जिसके पहले चरण में सोमवार को […]