img-fluid

झज्जर के डीघल गांव में घर में सो रहे दिव्यांग को बदमाशों ने गोलियों से भूना

June 03, 2026

झज्जर। फाइनेंसरों के गांव के रूप में चर्चित झज्जर के डीघल गांव में एक बार फिर गोलियों की गूंज सुनाई दी। देर रात हमलावरों ने घर में घुसकर कमरे में सो रहे 52 वर्षीय दिव्यांग जितेन्द्र की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। प्राथमिक तौर पर इस हत्याकांड के तार चर्चित फाइनेंसर साहिल उर्फ सोनू हत्याकांड से जुड़े बताए जा रहे हैं।

परिजनों का आरोप है कि साहिल की हत्या का बदला लेने के लिए अब परिवार के अन्य सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा है। बता दें कि साहिल हत्याकांड में गांव के योगेश उर्फ योगी और संदीप उर्फ लीला पहले से ही जेल में बंद हैं। घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कुछ बदमाश गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।

जितेन्द्र की हत्या के बाद मृतक का भाई सोमबीर और जेल में बंद संदीप उर्फ लीला के पिता मीडिया के सामने आए। दोनों ने सीधे तौर पर साहिल के परिवार पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इस हत्याकांड में मृतक साहिल के परिवार के पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भी अहम भूमिका है।


  • परिजनों ने दावा किया कि आरोपित पहले उनके परिवार की रेकी करते हैं और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार ने पहले भी पुलिस को इस प्रकार की अनहोनी की आशंका जताई थी, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल सकी। परिवार ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सभी सदस्यों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि साहिल के चचेरे भाई अमन उर्फ बंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने पुलिस से सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

    साहिल की हत्या के आरोप में जेल में बंद संदीप उर्फ लीला के पिता का कहना है कि साहिल ने उसके बेटे के 22 लाख रूपए मार लिए थे। उसी की वजह से साहिल की हत्या हुई थी। हत्या के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। हालांकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। डीघल में लगातार सामने आ रही आपराधिक वारदातों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा हत्याकांड के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

    डीघल गांव में लगातार सामने आ रही खूनी रंजिश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले साहिल उर्फ सोनू की हत्या हुई, अब उसके बदले में जितेंद्र की जान ले ली गई। गांव में चर्चा है कि आपसी दुश्मनी और बदले की आग में परिवार दर परिवार तबाह होते जा रहे हैं।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved