अगरतला। भारत-बांग्लादेश सीमा (India-Bangladesh border) पर त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले के बॉक्सानगर क्षेत्र में कथित तस्करों के एक समूह ने बीएसएफ (BSF) के तीन जवानों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने जवानों के सर्विस हथियार छीनने की कोशिश की और उनके सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की। घटना सोमवार, 2 नवंबर को अशाबाड़ी सीमा चौकी के अंतर्गत सीमा पर बाड़ के पास हुई। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे सीमा पर गेट संख्या 174 और 175 के पास 49वीं बटालियन के जवान ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान कुछ संदिग्ध तस्कर कथित तौर पर अवैध सामान ले जाने की कोशिश कर रहे थे। जवानों ने उन्हें देखकर पीछा किया तो वे अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। इस दौरान जवानों ने घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूर हेजफुर रहमान नामक एक व्यक्ति को पकड़ लिया।
अतिरिक्त बल पहुंचते ही भागे हमलावर
घटना की सूचना मिलने पर अशाबाड़ी सीमा चौकी से अतिरिक्त बीएसएफ जवान मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद हमलावर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। सूत्रों ने दावा किया है कि अशाबाड़ी क्षेत्र में रह रहे कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी हमले में शामिल थे और वे कथित तौर पर सीमा पार तस्करी से जुड़े हैं। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सीसीटीवी फुटेज से होगी हमलावरों की पहचान
बताया गया है कि घटनास्थल के सामने स्थित एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में हमले की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस और बीएसएफ कर्मियों ने जांच के लिए फुटेज जुटाया है। इससे हमलावरों की पहचान और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस और बीएसएफ अधिकारियों ने बॉक्सानगर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बॉक्सानगर पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। घटना के बाद अशाबाड़ी क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved