देश

गुजरात में दिल्ली के कंझावला जैसा कांड, कार से टक्कर मारकर युवक को 12 किलोमीटर तक घसीटा!

सूरत। दिल्ली के कंझावला में कार से एक लड़की को कई किलोमीटर तक घसीटने के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। अब गुजरात में भी कंझावला जैसा कांड सामने आया है। आरोप है कि गुजरात के सूरत जिले में कार की टक्कर के बाद युवक को 12 किलोमीटर तक घसीटा गया। हादसे में युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की पत्नी भी घायल हुई है। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतक की पत्नी ने बताया कि वह और उनके पति रात करीब दस बजे बाइक से सूरत आ रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। घटना काडोदरा-बारदोली रोड पर 18 जनवरी की है। मृतक की पहचान सागर पाटिल के रूप में हुई है। सागर अपनी पत्नी अश्विनी बेन के साथ बाइक पर सवार होकर रात 10 बजे सूरत जा रहा था। इसी दौरान एक तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी कार सवार नहीं रुका और कार को दौड़ाता हुआ वहां से फरार हो गया।


टक्कर के बाद महिला गिर गई और मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी मदद की। हालांकि सागर का कुछ पता नहीं चल सका। हादसे में घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटनास्थल से 12 किलोमीटर दूर एक युवक का शव बरामद हुआ। शव की पहचान सागर पाटिल के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि टक्कर के बाद सागर कार में फंस गया और कार सवार ने उसे 12 किलोमीटर तक घसीट दिया। जिससे सागर की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार चालक के घर का पता चल गया है लेकिन फिलहाल आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में लोगों की समझदारी और जागरुकता से पुलिस आरोपी की पहचान कर पाई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक व्यक्ति ने कार को दंपति की बाइक में टक्कर मारते देखा था। इसके बाद उसने कार का पीछा किया और मोबाइल से कार का वीडियो बना लिया। युवक ने कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भी नोट कर लिया। बाद में उसने यह जानकारी पुलिस के साथ साझा की, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी के घर तक पहुंच गई है।

Share:

Next Post

अंग्रेजी के अलावा अन्य भाषाओं में भी उपलब्ध होंगे सुप्रीम कोर्ट फैसले, गणतंत्र दिवस से व्यवस्था लागू

Wed Jan 25 , 2023
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के मौके पर सुप्रीम कोर्ट देशवासियों को बड़ी सौगात देने जा रहा है। भारत के मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने बुधवार को घोषणा की कि गणतंत्र दिवस से इलेक्ट्रॉनिक सुप्रीम कोर्ट रिपोर्ट्स (ई-एससीआर) परियोजना अब विभिन्न भारतीय अनुसूचित भाषाओं में शीर्ष अदालत के फैसले प्रदान करना शुरू कर देगी। सीजेआई […]