नई दिल्ली। भारतीय नौसेना (Indian Navy) और तटरक्षक बल (Coast Guard) के पुराने चेतक हेलीकॉप्टरों (Chetak helicopters) की जगह अब आधुनिक हेलीकॉप्टर (Modern helicopters) लेने की तैयारी है। इसके लिए केंद्र सरकार करीब 15 हजार करोड़ रुपये खर्च कर सकती है। प्रस्तावित योजना के तहत 76 नेवल यूटिलिटी हेलीकॉप्टर खरीदे जाएंगे। इनमें से 51 हेलीकॉप्टर भारतीय नौसेना और 25 तटरक्षक बल को दिए जाएंगे।
इस रक्षा खरीद को लेकर कई विदेशी और घरेलू कंपनियां दावेदारी पेश कर सकती हैं। यूरोप की कुछ प्रमुख विमानन कंपनियों के साथ टाटा समूह और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) को भी संभावित दावेदार माना जा रहा है।
भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर करना होगा निर्माण
इस खरीद प्रक्रिया को ‘बाय एंड मेक (इंडियन)’ श्रेणी के तहत आगे बढ़ाया जा सकता है। इस व्यवस्था के तहत विदेशी कंपनियों को भारतीय साझेदारों के साथ मिलकर हेलीकॉप्टरों का निर्माण करना होगा। निर्माण प्रक्रिया में घरेलू कंपनियों की भागीदारी से देश के रक्षा उत्पादन क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
युद्धपोतों से संचालन के लिए होंगी विशेष खूबियां
नौसेना के युद्धपोतों से उड़ान भरने और उन पर उतरने के लिए प्रस्तावित हेलीकॉप्टरों में कई विशेष तकनीकी खूबियां जरूरी होंगी। इनका आकार सीमित होना चाहिए, ताकि युद्धपोतों पर उपलब्ध कम जगह में इन्हें आसानी से रखा जा सके। इसके लिए रोटर ब्लेड को मोड़ने की सुविधा भी महत्वपूर्ण होगी।
इसके अलावा हेलीकॉप्टरों को समुद्र के खराब मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी प्रभावी ढंग से काम करने में सक्षम होना होगा। निगरानी, खोज एवं बचाव और सैन्य अभियानों में इनकी बहुउपयोगी भूमिका को देखते हुए इनका आधुनिक तकनीक से लैस होना भी जरूरी होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved