img-fluid

MP में दिवाली की रात बड़ा हादसा, सिवनी और कटनी में दो घरों में आग लगने से 12 की मौत

November 09, 2026

सिवनी/कटनी. मध्य प्रदेश (MP) में दीपावली की रात (Diwali night) दो परिवारों के लिए काल बनकर आई। कटनी (Katni) के बरही और सिवनी (Seoni) के छपारा में दो अलग-अलग मकानों में भीषण आग लगने से 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं में छह-छह लोगों ने जान गंवाई। हादसों में कुछ लोग घायल भी हुए हैं। दिवाली की खुशियों के बीच हुए इन अग्निकांडों से दोनों इलाकों में मातम पसरा है।


  • कटनी: क्रॉकरी दुकान से तीन मंजिला मकान तक फैली आग
    कटनी जिला मुख्यालय से करीब 55 किलोमीटर दूर बरही कस्बे में दीपावली की रात करीब 11:30 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में आग लग गई। दुकान के ऊपर ही परिवार का तीन मंजिला मकान था। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय परिवार के सदस्य मकान में सो रहे थे। आग और धुएं के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस हादसे में परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन बच्चे शामिल हैं। एक पुरुष और एक महिला किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

    पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
    आग लगते ही स्थानीय लोगों ने बचाव की कोशिश शुरू कर दी और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर बरही, विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकल टीमें पहुंचीं। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक छह लोगों की जान जा चुकी थी।

    सिवनी: सर्राफा व्यापारी के मकान में लगी आग, छह की मौत
    दूसरी घटना सिवनी जिले के छपारा नगर के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में हुई। यहां सोमवार तड़के करीब तीन बजे प्रसिद्ध सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) शामिल हैं।

    चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया
    लखनादौन के एसडीओपी अपूर्व भलावी के मुताबिक, हादसे के समय मकान में कुल 10 लोग मौजूद थे। इनमें से छह की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बचाए गए लोगों में अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) शामिल हैं। आग की सूचना मिलने पर पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

    दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं
    कटनी और सिवनी में कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुए इन दो बड़े अग्निकांडों ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। दोनों हादसों में 12 लोगों की मौत से दो परिवार उजड़ गए। फिलहाल दोनों घटनाओं में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

    Share:

  • अरब पार्टियों से गठबंधन पर आइजेनकोट के सहयोगियों में मतभेद, नेतन्याहू का प्रस्ताव भी विकल्प

    Mon Nov 9 , 2026
    यरुशलम। इजरायल (Israel) में चुनाव के बाद नई सरकार बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग (President Isaac Herzog) ने शनिवार को पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजेनकोट (Gadi Eizenkot) को सरकार गठन की जिम्मेदारी सौंपने का ऐलान किया। अब आइजेनकोट के सामने अलग-अलग राजनीतिक दलों को साथ लाकर बहुमत जुटाने की चुनौती […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved