
दौरे को सरकारी बनाने के लिए इंदौर में जबरन रखी बीएलओ की बैठक, प्रधानमंत्री ने दी ईंधन बचाने की सलाह, तो इंदौर से ओंकारेश्वर-महेश्वर तक लगा रहा गाडिय़ों का काफिला
इंदौर। अपने दो दिवसीय दौरे पर इंदौर-ओंकारेश्वर (Indore-Omkareshwar) पहुंचे भारत (India) के मुख्य निर्वाचन आयुक्त (Chief Election Commissioner ) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) ने खुद बताया कि 2003 में उन्होंने 12 ज्योतिर्लिंगों (12 Jyotirlingas) के दर्शन करने का संकल्प लिया था और इसकी पूर्ति अभी ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के साथ पूरी हुई। 23 वर्षों की इस लम्बी आध्यात्मिक यात्रा पूरी होने पर उन्होंने भगवान महादेव के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त की। दूसरी तरफ आम जनता जहां गर्भगृह छोड़ दूर से दर्शन करने के लिए ही घंटों संघर्ष करती है, वहीं आयुक्त ने जमकर सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल इस कार्य के लिए किया।
देश के राजनेताओं और अफसरों के लिए हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब सरकारी सुविधाओं का इस्तेमाल व्यक्तिगतयात्राओं में किया जाता है। अभी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार चूंकि एसआईआर की कार्रवाई से लेकर कई मामलों में विवादित और चर्चित भी रहे हैं। अभी अपनी इंदौर-ओंकारेश्वर यात्रा के दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों के तो कोई जवाब नहीं दिए, सिर्फ एकतरफा अपनी बात कही और धर्मपत्नी के साथ पवित्र ज्योतिर्लिंग के दर्शन, पूजा-अर्चना का लाभ लिया। चुनाव आयुक्त को चूंकि अपने 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन पूरे करना थे, जिसके चलते वे ओंकारेश्वर पहुंचे। उसके लिए एक दिन पहले शनिवार को इंदौर आए। एयरपोर्ट पर संभागायुक्त, कलेक्टर से लेकर सभी आला अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और उसके बाद फिर वे बूथ लेवल अधिकारियों यानी बीएलओ से संवाद करने लता मंगेश्कर सभागृह पहुंचे। अपने दौरे को सरकारी बनाने के लिए यह बीएलओ से संवाद कार्यक्रम जबरनरखा गया, जिसकी तैयारी में जिला प्रशासन बीते 4-5 महीनों से जुटा रहा। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा से लेकर खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, एसपी आगम जैन सहित तमाम आला अफसर मुख्य निर्वाचन आयुक्त की सेवा-चाकरी में लगे रहे। पिछले दिनों प्रधानमंत्री ने ईंधन बचाने की सलाह दी थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री से लेकर तमाम नेताओं-कार्यकर्ताओं ने भी ईंधन बचाने के प्रयास शुरू किए, तो दूसरी तरफ इंदौर से लेकर ओंकारेश्वर-महेश्वर तक आयुक्त के लिए गाडिय़ों का काफिला लगा रहा। यहां तक कि जनसम्पर्क विभाग की टीम भी कवरेज के लिए मौजूद रही और एयरपोर्ट से लेकर बीएलओ बैठक और फिर ओंकारेश्वर दर्शन सहित महेश्वर भ्रमण के फोटो-खबरें प्रचारित की गई। महेश्वर में भी कलेक्टर भव्या मित्तल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने देवी अहिल्याबाई किला संग्रहालय, नर्मदा तट का भ्रमण भी किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved