
डामरीकरण के बाद अब चंद्रगुप्त चौराहे को भी संवारने का काम शुरू होगा
इंदौर। चंद्रगुप्त मौर्य चौराहे (Chandragupta Square) से बापट चौराहे (Bapat Square) तक की सडक़ मेट्रो कार्यों (Metro Works) के कारण खस्ताहाल हो गई थी, जिसका कल रातोरात डामरीकरण (Asphalting) किया गया। वहां के कई अन्य हिस्सों में भी डामरीकरण के कार्य लगातार चलेंगे। निगम चौराहे को भी संवारने की तैयारी में है, जिसके चलते लेफ्ट टर्न चौड़े करने का काम भी अगले सप्ताह से शुरू होगा।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक मेट्रो कार्यों के चलते विजयनगर, रेडिसन, बापट, चंद्रगुप्त मौर्य चौराहा और विजयनगर के साथ-साथ कई अन्य क्षेत्रों में सडक़ों की हालत खस्ता हो गई थी, जिसे सुधारने का काम निगम द्वारा शुरू किया गया है। निगम अधिकारियों के मुताबिक कल चंद्रगुप्त मौर्य चौराहे से बापट चौराहे तक डामरीकरण का कार्य रातोरात किया गया और कई अफसरों की टीम वहां मानीटरिंग के लिए दो से तीन बार पहुंची भी थी। उक्त क्षेत्र की दोनों सडक़ों पर यह कार्य कई दिनों तक चलेगा। अफसरों का कहना है कि डामरीकरण के बाद आसपास के डिवाइडरों को भी संवारा जाएगा और उनमें रंगबिरंगे पौधे लगाने के साथ आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की जाएगी। इन सबके अलावा चंद्रगुप्त मौर्य चौराहे को लेकर भी निगम ने आज टेंडर जारी किया है और चौराहे को संवारने के लिए एजेंसी फाइनल करने की तैयारी है। अगले हफ्ते से वहां के कई लेफ्ट टर्न चौड़े करने के लिए बाधाएं हटाने काम शुरू होगा।