
वर्षों पुराने मकान ट्रस्ट के अधीन थे, कई कमरों से सामान हटवाकर निगम ने शुरू की कार्रवाई
इंदौर। नगर निगम (Municipal council) की रिमूवल टीम (Removal Team) ने आज सुबह मल्हारगंज (Malharganj) क्षेत्र में तीन बड़े खतरनाक मकानों को ढहाने की कार्रवाई शुरू की। इसके साथ ही जर्जर हो रही वर्षों पुरानी दुकान भी जेसीबी से ढहा दी। वहां ट्रस्ट के मकानों में कई लोग किराए से रहते थे और करीब एक दर्जन कमरे एक ही बड़े मकान में बने हुए थे।
नगर निगम द्वारा खतरनाक मकानों को ढहाने की कार्रवाई लगातार की जा रही है। आज सुबह मल्हारगंज क्षेत्र में ऐसे ही वर्षों पुराने खतरनाक मकानों को तोड़ने की कार्रवाई निगम द्वारा शुरू की गई। निगम अधिकारियों के मुताबिक इनमें एक मकान मारवाड़ी ट्रस्ट का है और उसके समीप ही ताराबाई का भी एक मकान है, जो खतरनाक हालत में है। उक्त क्षेत्र के समीप ही कृष्णमार्गीय गोवर्धननाथ ट्रस्ट के जर्जर मकान को भी तोड़ने के पहले वहां एक दर्जन से ज्यादा कमरों में रखा सामान निगम की रिमूवल टीम हटाने में जुटी रही। वर्षों पुराने इन मकानों की हालत बेहद खतरनाक थी। उक्त क्षेत्र में तीन मकान खतरनाक हालत में थे, जबकि नेमीनाथ चौराहे पर एक दुकान खतरनाक हालत में थी। इसे भी तोड़ने की कार्रवाई की जाना है।
मकान इतने जर्जर कि रिमूवल कर्मचारी अंदर जाने से भी घबराते रहे
मल्हारगंज आर्य समाज भवन के समीप बने ट्रस्ट के वर्षों पुराने मकान में कई कमरे इतनी जर्जर हालत में थे कि जब पहली मंजिल पर रिमूवल कर्मचारी सामान हटाने पहुंचे तो बार-बार उन्हें यह अंदेशा हो रहा था कि मकान ढह न जाए। इसी के चलते अधिकारियों ने कुछ कमरों से सामान निकाले बगैर ही कार्रवाई शुरू करवा दी और खतरनाक मकान के हिस्से तोड़फोड़ के दौरान कुछ ही देर में भरभराकर गिरने लगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved