
इंदौर। इंदौर के भंवरकुआ थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस ने उसे खून से सने कपड़ों में ही गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल यह वारदात ट्रांसपोर्ट नगर गेट नंबर दो के पास की है, जहां करीब 50 वर्षीय स्वर्णदीप उर्फ गोल्डी फुटपाथ पर रहता था। वहीं उसका दोस्त बंटी भी रहता था। दोनों ट्रकों की चौकीदारी और हम्माली करते थे और अक्सर साथ में शराब पीते थे। पुलिस के मुताबिक घटना वाली शाम भी दोनों ने शराब पी। रात करीब 11 बजे शराब के पैसों को लेकर विवाद हुआ और मृतक ने बंटी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद रात करीब एक बजे गोल्डी फुटपाथ पर सो रहा था, तभी बंटी ने पास पड़ी कुल्हाड़ी उठाकर उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से गोल्डी की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह करीब छह बजे चाय की दुकान लगाने वाले व्यक्ति ने उसे खून से लथपथ देखा और पुलिस को सूचना दी। जांच में पुलिस ने बंटी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved