- – एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कल रात से शुरू की दुबई फ्लाइट और आज सुबह से शारजाह की उड़ान
- – तय समय से 17 मिनट पहले सुबह 7.18 बजे इंदौर आई शारजाह फ्लाइट, 10.30 बजे हुई रवाना
इन्दौर (Indore)। इंदौर के लिए आज का दिन खास है। आज पहली बार इंदौर शारजाह (Indore Sharjah) से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ गया। सुबह 7.35 बजे पहली बार शारजाह से एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान इंदौर एयरपोर्ट पर उतरा, वहीं 10.30 बजे यह फ्लाइट यात्रियों को लेकर शारजाह के लिए रवाना हुई। शारजाह की पहली सीधी फ्लाइट में जाने के लिए यात्रियों में भी काफी उत्साह नजर आया। इससे पहले कल रात से दुबई के लिए भी नई उड़ान की शुरुआत हुई।
एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा कुछ समय पहले ही इंदौर से सप्ताह में तीन दिन शारजाह के लिए जाने और आने वाली फ्लाइट की घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू की थी। इसके तहत आज पहली बार यह फ्लाइट शारजाह से इंदौर आई। यह फ्लाइट (आईएक्स-256) यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 3 बजे शारजाह से रवाना होना थी, लेकिन ये वहां से 3.13 बजे रवाना हुई, वहीं इसे सुबह 7.35 बजे इंदौर पहुंचना था, लेकिन देरी से निकलने के बाद भी यह तय समय से 17 मिनट पहले सुबह 7.18 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। पहली फ्लाइट से आए यात्रियों का एयरपोर्ट पर स्वागत किया गया, वहीं यह फ्लाइट यात्रियों को लेकर 10.30 बजे इंदौर से रवाना हुई। पहली फ्लाइट से जाने वाले यात्रियों का भी एयर लाइंस ने स्वागत किया।
सप्ताह में चार दिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान…बड़ी सौगात
ट्रेवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि पहले इंदौर से सप्ताह में तीन दिन दुबई की फ्लाइट चलती थी, लेकिन लॉकडाउन के दौरान फ्लाइट बंद होने के बाद से यह सप्ताह में एक दिन ही रह गई थी। बाद में एयर इंडिया ने इसे भी बंद करने की घोषणा की, वहीं इसके स्थान पर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने नई फ्लाइट की घोषणा की। इसके बाद कंपनी ने सप्ताह में तीन दिन शारजाह फ्लाइट की भी घोषणा की। कल से दुबई और आज से शारजाह फ्लाइट की शुरुआत हो चुकी है। इससे पहली बार इंदौर से सप्ताह में चार दिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालित होगी और दो अंतरराष्ट्रीय शहरों की कनेक्टिविटी मिलेगी, यह पर्यटन के लिहाज से भी बहुत अच्छा होगा।
