
फिलहाल महूनाका के तरण पुष्कर में वसूला जा रहा है बढ़ा हुआ शुल्क
इंदौर। नेहरू पार्क (Nehru Park) स्विमिंग पूल (Swimming pool) शुरू होते से ही यहां तैरने आने वाले लोगों के लिए बढ़ा हुआ शुल्क (Increased fee) लेने की तैयारी नगर निगम (municipal corporation) ने कर ली है। इसके पहले तरण पुष्कर में शुल्क वृद्धि लागू की जा चुकी है। राशि भी इतनी बढ़ाई जा रही है कि आम आदमी के लिए अब सरकारी स्विमिंग पूल में नहाना या तैरना सीखना आसान नहीं होगा।
पिछले दो साल से नेहरू पार्क में नगर निगम के स्विमिंग पूल के जीर्णोद्धार का काम चल रहा है और अब जल्द ही इसे खोलने की तैयारी है। कई सुविधाओं के साथ फिर से शुरू होने वाले स्विमिंग पूल को लेकर अब शुल्क बढ़ाने की तैयारी नगर निगम ने कर ली है। अभी तक नगर निगम यहां तैरना सीखने आने वाले लोगों से 2100 रुपए वार्षिक सदस्यता शुल्क लेते थे, जिसे बढ़ाकर 8 हजार रुपए करने पर विचार किया जा रहा है। यानी सीधे करीब 6 हजार रुपए की वृद्धि वार्षिक शुल्क में हो जाएगी, वहीं तीन महीने के स्लाट में भी नगर निगम यहां सदस्यता प्रदान करता है, जिसका वर्तमान शुल्क 1240 रुपए हैं, लेकिन अब इसे बढ़ाकर ढाई हजार यानी दोगुना करने की तैयारी की जा रही है। 6 महीने का स्लाट नहीं रखा गया है। अगर तैराक को 6 महीने सीखना है तो उसे 5 हजार रुपए का शुल्क जमा करना होगा। एमआईसी में इसको लेकर प्रस्ताव रखे जाने की तैयारी है। हालांकि इसके पहले तरण पुष्कर महूनाका में शुल्क बढ़ाया जा चका है। अगर उसी आधार पर शुल्क बढ़ाया जाता है तो फिर पुराने प्रस्ताव को ही यहां लागू कर दिया जाएगा। इस मामले में नेहरू पार्क के प्रभारी नंदकिशोर पहाडिय़ा का कहना है कि लंबे समय से पुराने शुल्क में ही लोगों को सुविधा दी जा रही थी, इसलिए अब यह बढ़़ोतरी की जा रही है। जल्द ही स्विमिंग पूल भी शुरू होने की संभावना है, जिसमें लोगों को तैराकी का एक नया अनुभव मिलेगा।
आजीवन सदस्यता पर भी विचार
स्विमिंग पूल में आजीवन सदस्यता पर रोक लगा रखी है। यह रोक निगम के आदेश के बाद ही लगाई है, इसलिए आजीवन सदस्यता लेने वाले भी परेशान होते हैं। तैराकों का कहना है कि अगर आजीवन सदस्यता शुरू कर दी जाए तो उन पर वार्षिक शुल्क का भार ज्यादा नहीं आएगा। फिलहाल निगम इस मुद्दे पर भी विचार कर रहा है।
बच्चों के लिए भी कर रहे हैं बात करते हैं
2004-05 के दौरान नेहरू पार्क में 10 रुपए के शुल्क में एक दिन की तैराकी करने की सुविधा थी, लेकिन एक हादसे के बाद यह सुविधा बंद कर दी गई थी। इससे उन लोगों को फायदा था, जो आमोद-प्रमोद के लिए एक दिन स्विमिंग पूल जाते थे। यह सुविधा भी शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। अगर यह सुविधा शुरू होती है तो नगर निगम को भी फायदा होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved