
इंदौर। सरकारी स्कूलों (Government schools) में पढ़ने वाले विद्यार्थियों (Students) को 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश (Winter break) मिलेगा। दूसरी ओर, स्कूलों में चल रही अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं (half-yearly examination) का परिणाम दो से तीन दिन में आने की तैयारी है। इसके बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों को जांची हुई उत्तरपुस्तिकाएं दिखाई जाएंगी।
अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) में विषयवार कमजोरियों पर चर्चा कर उन्हें दूर करने की कार्ययोजना बनाई जाएगी। हालांकि, शिक्षकों और प्राचार्यों के सामने अब समय प्रबंधन की चुनौती भी है। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के बाद प्री-बोर्ड परीक्षाएं होंगी और फिर सीधे वार्षिक व बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी का दबाव रहेगा। ऐसे में अधूरा पाठ्यक्रम पूरा कराने, कमजोर विद्यार्थियों पर ध्यान देने और परीक्षा अभ्यास कराने के लिए बहुत सीमित समय मिलेगा। शासकीय हाई और हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 11वीं और 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 18 नवंबर से शुरू हो चुकी हैं। कक्षा 9वीं और 10वीं की परीक्षाएं भी नवंबर में शुरू हुई हैं। परीक्षाओं के बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर परिणाम तैयार किया जाएगा। विभाग की योजना है कि अभिभावकों को केवल बच्चों के अंक बताने के बजाय उनकी जांची हुई कॉपियां भी दिखाई जाएं। इससे अभिभावक समझ सकेंगे कि बच्चे ने प्रश्नों के उत्तर किस तरह लिखे हैं और किन विषयों में उसे अधिक अभ्यास की जरूरत है।
अंकों के साथ गलतियों का भी होगा आकलन
पीटीएम में शिक्षकों की ओर से विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियां बताई जाएंगी। गणित में गणना की गलतियां, विज्ञान में अवधारणाओं की समझ और भाषा के विषयों में उत्तर लिखने की परेशानी जैसे पहलुओं पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम बताना नहीं, बल्कि मुख्य परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करना है। अर्द्धवार्षिक परीक्षा के बाद वार्षिक और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए लगभग 60 से 70 दिन का समय मिलेगा। इस बीच प्री-बोर्ड परीक्षाएं भी आयोजित की जानी हैं। ऐसे में शिक्षकों को नियमित कक्षाओं के साथ पाठ्यक्रम पूरा कराने, कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने और बोर्ड पैटर्न पर प्रश्नपत्र हल कराने के बीच तालमेल बैठाना होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved