
काश्यप के माध्यम से समाज के साथ व्यापारियों और उद्योगपतियों को साधने की कोशिश
इंदौर। प्रदेश के मुख्यमंत्री (CM) डॉ. मोहन यादव (Dr. Mohan Yadav) द्वारा कल रतलाम के विधायक (MLA) और प्रदेश के एमएसएमई मंत्री (MSME Minister) चैतन्य काश्यप (Chaitanya Kashyap) को इंदौर का प्रभारी मंत्री बनाए जाने के साथ ही एक बार फिर जैन समाज पावर के केंद्र में आ गया है। इस नियुक्ति के माध्यम से सरकार द्वारा जैन समाज के साथ ही इंदौर के व्यापारियों और उद्योगपतियों को साधने की कोशिश की गई है।
इंदौर की राजनीति में कल रात एक ऐसा धमाका हुआ, जिसकी गूंज भोपाल से इंदौर तक सुनाई दी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अचानक इंदौर को छोड़ दिया। जिस इंदौर को वे अगस्त 2024 से अपने पास संभालकर रखे थे, उसी इंदौर की चाबी उन्होंने रतलाम के जैन नेता चैतन्य काश्यप को सौंप दी। इस फैसले के माध्यम से एक लंबी अवधि के बाद अब इंदौर में जैन समाज फिर पावर के सेंटर में आ गया। राजनीति के जानकार कहते हैं- यह सिर्फ प्रभारी मंत्री बदलना नहीं है, यह इंदौर की सत्ता का ट्रांसफर है। काश्यप को रतलाम के बड़े सेठ तीन बार के विधायक उद्योगपति एमएसएमई मंत्री और अब एक साथ तीन जिलों का बॉस- भोपाल, राजगढ़ और इंदौर के रूप में पहचाना जाता है। मतलब प्रदेश की राजधानी और आर्थिक राजधानी दोनों की चाबी एक ही जेब में सरकार ने दे दी है। काश्यप की खासियत है कि वे नेता कम, व्यापारी ज्यादा हैं। वे भाषण में नहीं, हिसाब में विश्वास करते हैं। इंदौर की सत्ता तो दशकों से जैन समाज के इर्द-गिर्द ही घूम रही है। एक लंबे अरसे तक इंदौर की आवाज प्रकाशचंद सेठी थे। वे भी जैन समाज के ही थे और प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा इंदौर के सांसद के रूप में केंद्र सरकार में सबसे पावरफुल मंत्री के रूप में कई बार शामिल रहे।
1956 में जब इंदौर नगर निगम बना तो पहला महापौर ही जैन समाज से ईश्वरचंद्र जैन बनाए गए थे। इंदौर की नगर सरकार की शुरुआत ही जैन हाथ से हुई। इसके बाद 1985 इंदौर-1 से कांग्रेस ने ललित जैन को विधायक बनाया। वे भी प्रदेश सरकार में मंत्री रहे और इंदौर के एक मजबूत पावर सेंटर रहे।
जैन समाज क्यों इतना ताकतवर है?
इंदौर में करीब 2 लाख जैन वोट हैं। सराफा, कपड़ा, अनाज, दवा, ट्रांसपोर्ट इंदौर का पूरा व्यापार जैनों के हाथ में है। इंदौर का व्यापारी सुबह मंदिर में दर्शन करता है, दिन में दुकान चलाता है और शाम को पार्टी के दफ्तर में टिकट तय करता है। कोई भी पार्टी जैन समाज को नाराज करके इंदौर नहीं जीत सकती।
सरकार की इमेज बनाने की जिम्मेदारी
भागीरथपुरा में हुए दूषित जल हादसे में 37 लोगों की मौत होने के समय से लेकर आज तक कभी सड़क के गड्ढों को लेकर तो कभी निर्माण कार्यों की धीमी गति को लेकर इंदौर में सरकार की इमेज बिगड़ती रही है। ऐसे में काश्यप को इंदौर की कमान देकर प्रदेश की आर्थिक राजधानी में सरकार की इमेज बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब उद्योगपतियों, व्यापारियों की आवाज आसानी से सरकार तक पहुंच सकेगी तो वहीं इंदौर के विकास को लेकर जिम्मेदारी का भी निर्धारण होगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved