खेल

IPL 2022: वॉर्नर-मार्श के दम पर दिल्ली ने राजस्थान को हराया, प्लेऑफ की उम्मीद कायम

मुंबई। मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 (Indian Premier League (IPL) 2022) के 58वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals – DC) ने राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals – RR) को 8 विकेट से हरा दिया है। दिल्ली ने राजस्थान के दिए 161 रनों के लक्ष्य को 11 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दिल्ली ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीद को बरकरार रखा है। 12 मैचों में छह जीत के साथ दिल्ली के 12 अंक हो गए हैं जबकि राजस्थान को इस सीजन की पांचवी हार नसीब हुई।


राजस्थान से मिले 161 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं थी। पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज केएस भरत खाता खोले बिना ही आउट हो गए। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने चलता किया। इसके बाद डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने संभलकर बल्लेबाजी की और पावरप्ले के 6 ओवर में दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 38 रन तक पहुंचाया। पावरप्ले के बाद दोनों बल्लेबाजों ने खुलकर खेलना शुरू किया। खासकर मार्श राजस्थान के गेंदबाजों पर टूट पड़े। मार्श ने 62 गेंदों में 89 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 7 छक्के जड़े। वहीं डेविड वॉर्नर ने इनिंग बिल्डर की भूमिका निभाते हुए इस सीजन का पांचवां अर्धशतक बनाया। वॉर्नर ने 41 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 52 रन बनाए। वॉर्नर और मार्श के बीच दूसरे विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी हुई। मार्श के आउट होने पर क्रीज पर उतरे कप्तान ऋषभ पंत ने 4 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 13 रन बनाए। राजस्थान की तरफ से ट्रेंट बोल्ट और यजुवेंद्र चहल ही एक-एक विकेट हासिल कर सके।

इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की टीम को पहला झटका इन फार्म बल्लेबाज जॉस बटलर के रूप में लगा। बटलर 7 रन बनाकर चेतन सकारिया का शिकार बने। इसके बाद वन-डाउन बल्लेबाजी करने आए आर. अश्विन ने अच्छे शॉट लगाए। उन्होंने 38 गेंद पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली। अश्विन को मिचेल मार्श ने डेविड वॉर्नर के हाथों कैच आउट करवाया। कप्तान संजू सैमसन महज 6 रन बनाकर एनरिक नॉर्टजे की गेंद पर शार्दुल ठाकुर द्वारा लपके गए। फिर चेतन सकारिया ने रियान पराग को 9 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा। इस बीच देवदत्त पडिक्कल 48 रन बनाकर नॉर्टजे के दूसरे शिकार बनें। दिल्ली की तरफ से चेतन सकारिया, एनरिक नॉर्टजे और मिचेश मार्श ने दो-दो विकेट लिए। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

समाज कल्याण के व्यापक आयाम

Thu May 12 , 2022
– डॉ. दिलीप अग्निहोत्री समाज कल्याण के व्यापक आयाम होते हैँ। लोक कल्याणकारी सरकार से इन सभी पर एक साथ प्रयास करने की अपेक्षा रहती है। इस आधार पर सरकार के कार्यों का आकलन किया जाता है। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस दायित्व का बखूबी निर्वाह किया। यही कारण है कि ईज […]