
तेहरान। अमेरिका (America) और ईरान (Iran) के बीच कतर की राजधानी दोहा (Doha) में प्रस्तावित वार्ता पर अनिश्चितता गहरा गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के इस दावे के कुछ ही घंटों बाद कि दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को दोहा में मुलाकात करेंगे, ईरान ने स्पष्ट कर दिया कि फिलहाल अमेरिका के साथ किसी भी बैठक का कोई कार्यक्रम तय नहीं है।
ईरान के इस रुख ने दोनों देशों के बीच हाल में बने कूटनीतिक माहौल पर सवाल खड़े कर दिए हैं। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को लेकर जारी मतभेद भी एक बार फिर सामने आ गए हैं।
विदेश मंत्रालय ने किया स्पष्ट
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि इस सप्ताह एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल कतर का दौरा करेगा, लेकिन इस यात्रा का अमेरिकी अधिकारियों के साथ किसी भी प्रकार की बैठक या वार्ता से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में तेहरान और वॉशिंगटन के बीच किसी औपचारिक बातचीत की योजना नहीं है। उनके अनुसार, ईरान की प्राथमिकता पहले दोनों पक्षों के बीच हुए समझौतों से जुड़े प्रमुख प्रावधानों को लागू करना है, इसलिए अंतिम समझौते पर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है।
ट्रंप ने किया था वार्ता का दावा
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर दावा किया था कि ईरानी अधिकारियों के अनुरोध पर दोहा में दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।
बाद में व्हाइट हाउस ने भी पुष्टि की थी कि ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर इस बैठक के लिए दोहा जाने वाले हैं।
हालिया समझौते पर भी मंडराया संकट
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब कुछ ही दिन पहले दोनों देशों के बीच स्विट्जरलैंड में सैन्य तनाव कम करने के उद्देश्य से एक समझौता हुआ था। इसके तहत संघर्ष रोकने और होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात को सामान्य बनाए रखने जैसे मुद्दों पर सहमति बनने की बात कही गई थी।
हालांकि इसके बाद होर्मुज में जहाजों की आवाजाही को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद फिर उभर आए। इसके बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ा और अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए।
अब ईरान की ओर से प्रस्तावित वार्ता से इनकार के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक समाधान की संभावनाओं पर एक बार फिर अनिश्चितता के बादल छा गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved