
डेस्क: इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच सीजफायर लागू होने के कुछ ही घंटे बाद दक्षिणी लेबनान में फिर से हमले शुरू हो गए. लेबनान की सरकारी मीडिया के मुताबिक, शनिवार को इजराइली हवाई और ड्रोन हमलों में 5 लोगों की मौत हो गई.
लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी NNA ने बताया कि इजराइली लड़ाकू विमान और ड्रोन ने रातभर और शनिवार सुबह तक नबातियेह इलाके में कई जगहों पर हमला किया. इन हमलों में कई घर और रिहायशी इमारतें तबाह हो गईं. इसके अलावा इजराइली सेना ने सुबह होने से पहले नबातियेह और आसपास के इलाकों में तोपों से भी गोलाबारी की.
यह हमला ऐसे समय हुआ जब शुक्रवार को इजराइल और ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच सीजफायर पर सहमति बनी थी. एक अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, यह युद्धविराम शुक्रवार शाम 4 बजे (GMT 1300) से लागू हुआ था. इस समझौते की पुष्टि एक सीनियर इजराइली अधिकारी और हिजबुल्लाह के दो सूत्रों ने भी की थी.
सीजफायर से पहले दक्षिणी लेबनान में हिंसा तेज हो गई थी. एक हमले में 4 इजराइली सैनिक मारे गए थे, जबकि लेबनान में भी कई लोग घायल और हताहत हुए थे. बढ़ते तनाव को देखते हुए दोनों पक्ष युद्धविराम पर राजी हुए थे.
इसकी एक बड़ी वजह यह है कि इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में बनाए गए अपने सुरक्षा क्षेत्र (बफर जोन) से सेना नहीं हटाई है. हिजबुल्लाह का कहना है कि जब तक इजराइली सैनिक वहां मौजूद रहेंगे, तब तक संघर्ष की वजह बनी रहेगी. युद्धविराम लागू होने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच अविश्वास बना हुआ है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved