
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के कुलगाम जिले (Kulgam District) में प्रवासी मजदूरों पर हुए आतंकी हमले (Terrorist attacks) के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। केल्लाम क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई इस घटना के बाद सुरक्षाबलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश तेज कर दी है।
हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए थे। इनमें 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 वर्षीय भोपिंदर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया। चिकित्सकों के अनुसार, भोपिंदर के सीने में गोली लगी थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे कुलगाम के केल्लाम इलाके में आतंकियों ने मजदूरों को निशाना बनाया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, प्रतिबंधित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़े आतंकियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। हमले के बाद खुफिया सूचनाओं के आधार पर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे कायराना हरकत बताते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी घटना की निंदा की और पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षाबलों को आतंकियों के खिलाफ अभियान और तेज करने तथा दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved