खेल

KKR vs PBKS: कोलकाता को रसेल ने दिलाई धमाकेदार जीत, पंजाब को छह विकेट से हराया

मुम्बई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 (Indian Premier League (IPL) 2022) के आठवें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders-KKR) ने पंजाब किंग्स (Punjab Kings-PBKS) को छह विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने भानुका राजपक्षे (31) की बदौलत 137 रनों का स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए KKR ने आंद्रे रसेल (70*) की बदौलत 15वें ओवर में मैच जीत लिया।


पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में 62/3 का स्कोर बनाया था। इसके बाद उनकी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और पूरी टीम 18.2 ओवर्स में 137 के स्कोर पर सिमट गई। KKR के लिए उमेश यादव ने सबसे अधिक चार विकेट लिए। स्कोर का पीछा करते हुए KKR ने सात ओवर तक 51 के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, रसेल (70*) और सैम बिलिंग्स (24*) ने KKR को जीत दिलाई।

उमेश यादव ने चार ओवर में एक मेडन सहित केवल 23 रन खर्च करते हुए चार विकेट हासिल किए। पंजाब के खिलाफ वह अब तक 33 विकेट ले चुके हैं और एक ही टीम के खिलाफ सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। इसके अलावा उमेश ने IPL में पावरप्ले में अपने 50 विकेट पूरे कर लिए हैं और ऐसा करने वाले केवल चौथे गेंदबाज बने हैं।

अजिंक्य रहाणे ने 11 गेंदों में 12 रन बनाए जिसमें तीन चौके शामिल रहे। इस पारी के साथ ही रहाणे ने IPL में अपने 4,000 रन भी पूरे किए हैं। पारियों के हिसाब से वह सातवें सबसे तेज 4,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। रहाणे ने 144वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की है। क्रिस गेल (112 पारी) ने सबसे तेज 4,000 रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया है।

रसेल जब मैदान में आए थे तब KKR सात ओवर के बाद 51 के स्कोर पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रहा था। इसके बाद उन्होंने 31 गेंदों में नाबाद 70 रनों की पारी खेली जिसमें दो चौके और आठ छक्के शामिल रहे। उन्होंने चौथी बार KKR के लिए एक पारी में आठ या उससे अधिक छक्के लगाए हैं। रसेल ने अपना अर्धशतक 26 गेंदों में पूरा किया था।

Share:

Next Post

फौजी शिंकजे में ढील

Sat Apr 2 , 2022
– डॉ. वेदप्रताप वैदिक केंद्र सरकार ने असम, नगालैंड और मणिपुर के ज्यादातर क्षेत्रों से अफ्सपा यानी ‘आर्म्ड फोर्सेज़ स्पेशल पावर्स एक्ट’ को हटाकर सराहनीय कदम उठाया है। 1958 में यह कानून नेहरू सरकार को इसलिए बनाना पड़ा था कि भारत के इन पूर्वी सीमा के प्रांतों में काफी अराजकता फैली हुई थी। कई बागी […]