उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

महिलाओं को जोडऩे के लिए हर वार्ड में लाड़ली लक्ष्मी सम्मेलन

  • शहर के 9 और ग्रामीण क्षेत्र के 18 मंडलों में भाजपा महिला मोर्चा करेगा आयोजन

उज्जैन। युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को जोडऩे के लिए भाजपा ने अपने सभी अनुषांगिक संगठन और मोर्चा-प्रकोष्ठों को अलग-अलग कार्यक्रम करने की जवाबदारी सौंपी है। इसी कड़ी में महिला मोर्चा भी हर मंडल में लाड़ली लक्ष्मी सम्मेलन का आयोजन करेगा। इसमें इस योजना का फायदा लेने वाली महिलाओं और उनकी बेटियों को हर वार्ड से चिन्हित किया जाएगा और सम्मेलन में बुलाकर उनका सम्मान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सबसे बड़ी और महती लाड़ली लक्ष्मी योजना का अनुसरण दूसरे राज्य भी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बनते ही सबसे पहले चौहान ने इसी योजना को लागू किया था। इस योजना का फायदा लेने वाली बच्चियां अब बड़ी हो गई हैं और उन्हें पढ़ाई के लिए राशि भी सरकार द्वारा मिल रही है। इनकी संख्या लाखों में हैं। इन्हीं को भाजपा से जोडऩे के लिए लाड़ली लक्ष्मी सम्मेलन प्रत्येक मंडल में आयोजित किए जा रहे हैं। इसकी जवाबदारी महिला मोर्चा को दी गई है। उज्जैन शहर में 9 मंडल हैं और ग्रामीण क्षेत्र में 18 मंडल हैं। इसको लेकर जल्द ही भाजपा कार्यालय पर मंडल अध्यक्षों और नगर पदाधिकारियों के साथ एक बड़ी बैठक का आयोजन किया जा रहा है। उसके बाद सम्मेलन की तारीख तय की जाएगी।


ये फायदा मिलता है लाड़ली लक्ष्मी योजना में
इस योजना में सरकार जन्म के बाद बेटी के लिए पांच साल तक 6 हजार रुपए के बचत पत्र खरीदती है। इसके बाद जब बेटी छठी कक्षा में आ जाती है तो उसे 2 हजार रुपए, नौंवी में प्रवेश पर चार हजार, 11वीं में प्रवेश पर साढ़े सात हजार तथा 11वीं-12वीं की पढ़ाई के लिए उसे 200 रुपए हर महीने दिए जाते हैं। 21 वर्ष की आयु में बेटी को 1 लाख रुपए की राशि मिलती है।

Share:

Next Post

चुनावी साल में जिलाध्यक्षों के साथ कार्य वाहक अध्यक्ष भी नियुक्त करेगी कांग्रेस

Tue Dec 20 , 2022
जातिगत समीकरण साधेंगे, उज्जैन में भी नामों को लेकर चल रही अंदरूनी खींचतान उज्जैन। कांग्रेस में बड़े स्तर पर जिलों में फेरबदल की अटकलों के बीच बड़े नेता चाह रहे हैं कि चुनावी साल को देखते हुए अध्यक्ष के साथ-साथ गुटीय संतुलन बनाने और कामों के बंटवारे के लिए कार्यकारी अध्यक्ष की भी नियुक्ति की […]