देश

नए साल से पहले बड़े पैमाने पर चल रही रेव पार्टी का भंडाफोड़, 100 लोग गिरफ्तार

ठाणे। शहर के घोड़बंदर रोड पर स्थित वडवली खाड़ी के किनारे रेव पार्टी करने का मामला सामने आया है। ठाणे क्राइम ब्रांच यूनिट 5 को इसकी सूचना मिली है। वहीं सूचना के बाद ठाणे क्राइम ब्रांच यूनिट 5 ने 5-6 टीमें बनाकर घोड़बंदर रोड पर वडवली खाड़ी के किनारे चल रही रेव पार्टी पर छापेमारी की। छापेमारी के बाद कुल 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

क्राइम ब्रांच ने 90 पुरुष, 5 महिलाएं और 02 ऑर्गेनाइजर को भी गिरफ्तार किया है। इस पार्टी में 200 से 250 लोग मौजूद थे, लेकिन अंधेरा ज्यादा होने की वजह से कुछ लोग फरार हो गए। वहीं कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान रेव पार्टी में पुलिस ने चरस 70 ग्राम, एलसीडी 0.41 ग्राम, SKTC पल्स 2.10 ग्राम, 200 ग्राम गांजा, बियर, वाइन, व्हिस्की जब्त की है। जब्त किए गए सामान की कीमत 8 लाख 3 हजार 560 रुपए बताई जा रही है।

ठाणे क्राइम ब्रांच के उपायुक्त ने बताया कि ठाणे के घोड़बंदर रोड पर स्थित वडवली खाड़ी के किनारे हो रही पार्टी में अलग-अलग ड्रग्स बेचने के लिए अलग-अलग टेबल लगाए गए थे। इसमें चरस, गांजा, एलसीडी जैसे पदार्थ अलग-अलग टेबल पर लगाए गए थे। जैसे जिस व्यक्ति की क्षमता थी उसके हिसाब से ऑर्गेनाइजर द्वारा वहां पर टेबल लगाए गए थे।


ठाणे क्राइम ब्रांच के उपयुक्त ने आगे बताया कि जिन दो ऑर्गेनाइजरों को गिरफ्तार किया गया है, उन्होंने प्राथमिक जानकारी में ऐसा बताया कि इंस्टाग्राम पर उन्होंने एक पेज बनाया था और उसे पेज के माध्यम से लोगों को रेव पार्टी के लिए आमंत्रित किया जा रहा था।

वहीं क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा की गई छापेमारी में पार्टी से गिरफ्तार हुए सबसे ज्यादा लोग ठाणे, कलवा, मुंबई, नई मुंबई, डोंबिवली जैसे इलाकों के रहने वाले हैं। ये सभी लोग ठाणे के घोड़बंदर रोड पर स्थित वडवली खाड़ी के किनारे रेव पार्टी करने आए हुए थे।

इसके साथ ही क्राइम ब्रांच के उपायुक्त शिवराज पाटिल ने कहा कि नए वर्ष की पार्टी पर परिवार वाले अपने बच्चों पर नजर रखें। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि यह भी ध्यान रखें कि आपके बच्चे किस पार्टी में जा रहे हैं और कहां जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि साल का आज आखिरी दिन है। बिना ड्रग्स के नए वर्ष का आगमन करें, ताकि किसी भी कानूनी दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।

Share:

Next Post

भागलपुर में सड़क पर गिरा ट्रेन का डब्बा, मच गया हड़कंप

Sun Dec 31 , 2023
भागलपुर: बिहार के भागलपुर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भागलपुर में सड़क पर ट्रेन का डिब्बा गिर गया, जिसकी वजह से हड़कंप मच गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रेन का डिब्बा सड़क पर गिरा हुआ दिखाई दे रहा है। दरअसल ट्रेन के डिब्बे को एक बड़े ट्रक […]