इंदौर न्यूज़ (Indore News)

कल की रात रही मौसम की सबसे ठंडी रात, पहली बार पारा 12 डिग्री के नीचे

इंदौर। शहर में ठंड का कहर बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार तापमान में गिरावट आ रही है। कल मौसम में पहली बार रात का तापमान 12 डिग्री के नीचे पहुंचा। इसके साथ ही कल की रात पिछली रातों का रिकार्ड तोड़ते हुए मौसम की सबसे ठंडी रात बन गई। ठंड की चुभन को दिन से ही महसूस किया जा सकता है। दिन में बादलों के कारण धूप भी आंखमिचौनी खेल रही है, जिससे दिन में भी ठंड का असर बढ़ रहा है।

उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और उस ओर से आ रही हवाओं के कारण इंदौर सहित प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.8 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा, लेकिन परसों रात की अपेक्षा 0.6 डिग्री कम था। इसके साथ ही यह मौसम का सबसे कम तापमान भी था। इस दौरान हवाओं की दिशा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी रही और इनकी अधिकतम गति 23 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।


मौसम का सबसे कम तापमान पिछले सालों से ज्यादा
कल रात भले ही मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ हो, लेकिन यह पिछले सालों में दिसंबर माह में दर्ज हुए सबसे कम तापमान से ज्यादा था। इतिहास में दिसंबर माह में सबसे कम तापमान 27 दिसंबर 1936 को 1.1 डिग्री के रूप में रिकार्ड किया गया था, तब इंदौर कश्मीर जैसा बन गया था। वहीं पिछले 10 सालों की बात करें तो सबसे कम तापमान 2014 में रिकार्ड किया था। तब 17 दिसंबर को तापमान गिरकर 5 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान पिछले साल ही रहा, जब 8 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री तक पहुंचा, लेकिन इससे नीचे कभी नहीं गया।

इस साल हो सकता है 10 सालों का सबसे गर्म दिसंबर
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो शहर के तापमान में पिछले तीन से चार दिनों से गिरावट हो रही है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें थोड़ी बढ़ोतरी के आसार हैं, क्योंकि उत्तर भारत में बर्फबारी का कारण बनने वाला पश्चिमी विक्षोभ भी कमजोर पड़ रहा है। इसके कारण अब तापमान में और कमी के आसार नहीं हैं। तापमान 12 से 13 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना है। ऐसा होता है तो ये दिसंबर पिछले 10 सालों का सबसे गर्म दिसंबर होगा।

एक नजर पिछले 10 सालों में दिसंबर के सबसे कम तापमान पर
वर्ष तापमान तारीख
2013 8.8 20
2014 5.0 17
2015 7.0 24
2016 9.1 19,26
2017 8.8 27
2018 6.6 29
2019 6.6 28
2020 8.0 29
2021 6.5 20
2022 10.1 8
2023 11.6 20
(जानकारी मौसम विभाग के मुताबिक)

Share:

Next Post

कोरोना के साथ विदेशी एन्फ्लूएंजा से बचने की स्वास्थ्य विभाग ने दी सलाह

Wed Dec 20 , 2023
डेंगू के मरीज भी बढक़र 458 तक पहुंचे, मालदीव से लौटे तो इंदौरी मिले कोविड पॉजिटिव इंदौर। एक बार फिर कोरोना का हल्ला मचना शुरू हो गया है। केरल में कोरोना के मरीजों के बाद इंदौर में मालदीव से लौटे दो इंदौरी, जिसमें महिला-पुरुष शामिल हैं, कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। दूसरी तरफ केन्द्र ने […]