
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिनदहाड़े बीच बाजार में वकील गुड्डू अंसारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली, पटेल चौक के पास हुई है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का LIVE फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक अपराधी वकील को गोली मारते हुए दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि अपराधी ने बीच बाजार में वकील को निशाना बनाया और गोली मारकर मौके से फरार हो गया। गोली लगने के बाद गुड्डू अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
हत्या की वजह को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। चर्चा है कि कोर्ट से जुड़े किसी विवाद के चलते वकील को निशाना बनाया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इस वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इधर, मृतक के परिजनों ने पुराने विवाद का हवाला देते हुए एक व्यक्ति का नाम लिया है। उसी पर हत्या की वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस परिजनों के आरोपों के साथ-साथ घटनास्थल और सामने आए LIVE फुटेज की जांच कर रही है। डीएसपी विशाल आनंद ने भी मामले की जांच की बात कही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को किसने अंजाम दिया? इसके पीछे की असली वजह क्या है? पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वकील गुड्डू अंसारी का परिवार लंबे समय से कानून के पेशे से जुड़ा रहा है। उनकी बहन भी वकील हैं, जबकि उनके पिता भी वकील थे। वहीं, दिनदहाड़े वकील की हत्या के बाद साथी वकीलों में आक्रोश है। घटना को लेकर वकीलों ने नाराजगी जताई है। अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठ रही है। पुलिस थाने में बड़ी संख्या में वकील पहुंचे हुए हैं। कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved