शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल (Shahdol) में नकली नोट (Counterfeit notes) छापने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर यूट्यूब से नकली नोट बनाने का तरीका सीखा और कलर प्रिंटर की मदद से 500 और 200 रुपये के जाली नोट छापने शुरू कर दिए। आरोपियों ने दीपावली के बाजार में इन नोटों को खपाने की योजना बनाई थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 8 लाख 71 हजार रुपये से अधिक मूल्य के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
500 और 200 रुपये के नकली नोट बरामद
पुलिस के मुताबिक, खैरहा थाना क्षेत्र निवासी अरविंद सिंह इस गिरोह का मुख्य आरोपी है। उसने कथित तौर पर यूट्यूब से नकली नोट बनाने का तरीका सीखा और अपनी दुकान में कलर प्रिंटर के जरिए 500 और 200 रुपये के जाली नोट तैयार करने लगा। इस काम में उसका साथी शरद सिंह मरावी निवासी नागूला, राजेंद्रग्राम भी शामिल था।
सूचना मिलने पर खैरहा पुलिस ने देर रात ग्राम छिरहटी के पास घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 500 रुपये के 1,702 और 200 रुपये के 101 नकली नोट बरामद हुए। इसके अलावा प्रिंटर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
8.71 लाख रुपये की जाली करेंसी जब्त
शहडोल एसपी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि नकली भारतीय करेंसी के कारोबार के खिलाफ खैरहा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 500 और 200 रुपये के कुल 1,803 जाली नोट बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 8 लाख 71 हजार रुपये है। नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल किया गया कलर प्रिंटर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने यूट्यूब के माध्यम से नकली नोट बनाने का तरीका सीखा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इस अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में अतिथि शिक्षक और सेल्समैन जैसे पेशों से जुड़े लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved