img-fluid

महेश दीक्षित होंगे नए आईबी प्रमुख, जम्मू-कश्मीर और आतंकवाद-रोधी अभियानों का लंबा अनुभव

June 26, 2026

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी महेश दीक्षित (Mahesh Dixit) को देश की खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का नया निदेशक नियुक्त करने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। आंध्र प्रदेश कैडर के 1993 बैच के आईपीएस (IPS) अधिकारी महेश दीक्षित, मौजूदा आईबी प्रमुख तपन कुमार डेका का स्थान लेंगे और 30 जून को कार्यभार संभालेंगे।

देश की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सुरक्षा मामलों के जानकारों का मानना है कि आतंकवाद-रोधी अभियानों और खुफिया नेटवर्क में उनके लंबे अनुभव का लाभ देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगा।


  • कौन हैं महेश दीक्षित?

    महेश दीक्षित वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में विशेष निदेशक (स्पेशल डायरेक्टर) के पद पर कार्यरत हैं। एक पेशेवर चिकित्सक के रूप में करियर शुरू करने के बाद उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया। करीब तीन दशक के अपने करियर में उन्होंने देश के कई संवेदनशील इलाकों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

    सूत्रों के अनुसार, उन्होंने जम्मू-कश्मीर में लंबे समय तक स्टेट इंटेलिजेंस ब्यूरो का नेतृत्व किया। इसके अलावा पूर्वोत्तर, लद्दाख और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी उन्होंने खुफिया और सुरक्षा अभियानों का संचालन किया है।

    जम्मू-कश्मीर में निभाई अहम भूमिका

    महेश दीक्षित को मजबूत जमीनी खुफिया नेटवर्क तैयार करने और आतंकवाद-रोधी अभियानों में विशेषज्ञ माना जाता है। वह श्रीनगर में सहायक आसूचना ब्यूरो के प्रमुख भी रह चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।

    बताया जाता है कि पिछले वर्ष एक कथित सफेदपोश आतंकवादी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने वाले अभियान में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। यह कार्रवाई श्रीनगर पुलिस से मिली शुरुआती खुफिया जानकारी के आधार पर आगे बढ़ाई गई थी।

    तपन कुमार डेका की लेंगे जगह

    महेश दीक्षित, 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी तपन कुमार डेका का स्थान लेंगे। डेका को जून 2022 में दो वर्ष के लिए आईबी प्रमुख नियुक्त किया गया था। इसके बाद सरकार ने उनके कार्यकाल में 2024 और 2025 में दो बार विस्तार दिया।

    तपन डेका को जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर भारत में आतंकवाद-रोधी अभियानों का विशेषज्ञ माना जाता है। वर्ष 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान जवाबी कार्रवाई के समन्वय में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। इसके अलावा उन्होंने इंडियन मुजाहिदीन के खिलाफ कई प्रमुख अभियानों का नेतृत्व किया और देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े अनेक संवेदनशील मामलों को संभाला।

    महेश दीक्षित के नेतृत्व में इंटेलिजेंस ब्यूरो के सामने आतंकवाद, कट्टरपंथ, साइबर सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी उभरती चुनौतियों से निपटने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

    Share:

  • चीन के साथ बांग्लादेश की 13 समझौतों पर मुहर, तीस्ता परियोजना में सहयोग बढ़ने से भारत की बढ़ी चिंता

    Fri Jun 26 , 2026
    ढाका। बांग्लादेश और चीन (Bangladesh and China) ने तीस्ता समेत कई नदियों के प्रबंधन, जल संसाधन विकास और तकनीकी सहयोग को लेकर 13 समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। दोनों देशों के बीच बढ़ता यह सहयोग भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि तीस्ता नदी और उससे जुड़ी परियोजनाएं भारत के […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved