
अमरकंटक। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के अमरकंटक (Amarkantak) स्थित एक मंदिर में धार्मिक मान्यता पूरी करने की कोशिश एक शख्स के लिए मुसीबत बन गई। मंदिर परिसर में बने पत्थर के हाथी के नीचे से निकलने का प्रयास करते समय वह बीच में ही फंस गया। न आगे बढ़ने का रास्ता मिल रहा था और न ही पीछे लौट पा रहा था। आसपास मौजूद लोग उसे निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक महिला ने ऐसा तरीका निकाला कि वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल (Video viral) हो रहा है।
मनोकामना पूरी होने की मान्यता में घुसा हाथी के नीचे
दरअसल, अमरकंटक के एक मंदिर में पत्थर का हाथी बना हुआ है। स्थानीय मान्यता है कि जो भक्त इस हाथी के नीचे से सफलतापूर्वक निकल जाता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है। कुछ लोग इस परंपरा को पुराने पापों और कर्मों से मुक्ति की मान्यता से भी जोड़ते हैं।
इसी विश्वास के चलते एक व्यक्ति ने भी हाथी के पैरों के बीच बने संकरे रास्ते से निकलने का प्रयास किया। वह किसी तरह अंदर तो पहुंच गया, लेकिन बाहर आते समय कमर के पास उसका शरीर फंस गया। जगह इतनी कम थी कि काफी कोशिश के बावजूद वह न आगे खिसक पा रहा था और न पीछे लौट पा रहा था।
A man got stuck while coming out from under an ancient stone elephant statue placed in the premises of the Maa Narmada Temple in Amarkantak, Madhya Pradesh https://t.co/NifNS2slZW
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) November 23, 2026
महिला ने पर्स निकालने का निकाला रास्ता
शख्स को फंसा देखकर आसपास मौजूद लोग उसे बाहर निकालने के उपाय तलाशने लगे। इसी दौरान एक महिला की नजर उसकी पिछली जेब में रखे पर्स पर पड़ी। महिला ने अंदाजा लगाया कि पर्स की वजह से भी शरीर को बाहर निकलने में परेशानी हो रही होगी। इसके बाद उसने व्यक्ति की जेब से पर्स निकाल दिया, ताकि उसे कुछ अतिरिक्त जगह मिल सके और वह आसानी से बाहर आ सके।
महिला का यह अनोखा जुगाड़ कैमरे में कैद हो गया। वायरल वीडियो में व्यक्ति पत्थर के हाथी के नीचे फंसा दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास खड़े लोग उसे बाहर निकालने की कोशिश करते नजर आते हैं।
सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाएं
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर कई तरह के कमेंट किए। कुछ लोगों ने महिला के पर्स निकालने के तरीके को मजेदार बताया, तो कुछ ने सवाल उठाया कि रास्ता इतना संकरा होने के बावजूद व्यक्ति ने उसके अंदर जाने की कोशिश क्यों की।
एक यूजर ने मजाक में कहा कि व्यक्ति को पहले अपनी शारीरिक बनावट का अंदाजा लगा लेना चाहिए था। वहीं, कुछ लोगों ने इस घटना को आस्था के साथ सावधानी बरतने की जरूरत से जोड़कर देखा।
फिलहाल, अमरकंटक मंदिर की यह घटना सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है। एक धार्मिक मान्यता को पूरा करने की कोशिश में व्यक्ति ऐसी स्थिति में फंस गया कि उसे बाहर निकालने के लिए आसपास मौजूद लोगों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved