बड़ी खबर

झारखंड में मंत्री और विधायक कोरोना पॉजिटिव, हेमंत सोरेन हुए होम क्वारेंटाइन

रांची। झारखंड सरकार में पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री के कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही इस महामारी ने राज्य की सियासत में भी दखल दे दी है। ताजा खबर ये है कि विधायक मथुरा महतो और मंत्री मिथिलेश ठाकुर से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद को होम क्वारंटाइन कर लिया है। उनके अलावा झारखंड के कई वरिष्ठ अधिकारी भी होम क्वारंटाइन में चले गए हैं। मुख्यमंत्री सोरेन के प्रेस सलाहकार, वरीय आप्त सचिव और प्रधान सचिव के भी होम क्वारंटाइन में जाने की सूचना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि हाल ही में वे मंत्री, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग मिथिलेश ठाकुर के संपर्क में आए थे। कल शाम ठाकुर की राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान में कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। साथ ही टुंडी के विधायक मथुरा महतो भी कोरोना पॉजिटिव हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
झारखंड में कोरोना का संक्रमण दिनों दिन बढ़ता ही जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से दो और व्यक्तियों की मौत की खबर है। इसके अलावा वायरस के इंफेक्शन के 164 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 3000 के पार कर गई है। राज्य में अभी कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 3,018 है। प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में इस महामारी की वजह से कोयला नगरी धनबाद में दो लोगों की मौत हो गई। इससे राज्य में अब तक कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 पर पहुंच गई है।
प्रदेश में कोरोना संक्रमण कितनी तेजी से अपने पैर पसार रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लग सकता है कि बीते दिनों इसकी चपेट में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस से जुड़े कई लोग भी आ गए हैं। बीते 6 जुलाई को लोहरदगा के सिविल सर्जन भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। सिविल सर्जन के संक्रमित पाए जाने से पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग अब सिविल सर्जन के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच-पड़ताल कर रहा है, ताकि संक्रमण की रफ्तार को रोका जा सके। इधर, बीते सोमवार को प्रदेश में 39 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए थे, जिनमें 4 पुलिसवाले भी शामिल थे। इन पुलिसवालों में से एक आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा में लगा गार्ड भी शामिल था।

Share:

Next Post

सेरी ए : एसी मिलान ने जुवेंटस को 4-2 से हराया

Wed Jul 8 , 2020
मिलान। इटालियन फुटबाल लीग सेरी ए में एसी मिलान ने जुवेंटस को 4-2 से हरा दिया। सेरी ए के दोबारा शुरू होने के बाद यह जुवेंटस की पहली हार है। इस हार के साथ ही जुवेंटस ने सेरी ए में लगातार नौवें खिताब के लिये अपनी बढ़त मजबूत करने का मौका भी गंवा दिया है। […]