
सीतामढ़ी। बिहार (Bihar) के सीतामढ़ी (Sitamarhi) में एक नाबालिग (Minor) से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात से पूरा इलाका शर्मसार हो गया है। बाजपट्टी और नगर थाना क्षेत्र के सिमान पर गुरुवार की देर शाम इस वारदात को अंजाम दिया गया। तीन युवकों ने इलाज कराने सीतामढ़ी सदर अस्पताल पहुंची लड़की के साथ बारी बारी से रेप किया और हालत गंभीर होने पर छोड़कर फरार हो गए। एसपी के आदेश पर नगर थाने में एफआईआर (FIR) दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता की स्थिति गंभीर है। सदर अस्पताल में लड़की का इलाज कराया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से रीगा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। पीड़िता की मां ने बताया कि वह अपनी बेटी के इलाज के सिलसिले में सीतामढ़ी अस्पताल (Sitamarhi Hospital) आई हुई थी। इसी दौरान बच्ची भटक कर भासर पिकेट की ओर चली गई, जहां पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उसे अकेली देखकर दबोच लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर हवस का शिकार बना डाला। इस दौरान गायब बच्ची को उसकी मां खोजती रही।
घटना के बाद पीड़िता की मां गंभीर स्थिति में पड़ी नाबालिग को लेकर नगर थाने पहुंची। उसकी हालत को देखते हुए नगर थाने की पुलिस ने पीड़िता को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस अभिरक्षा में पीड़िता का मेडिकल जांच कराया गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही दोनों ही थाने की पुलिस तत्परता दिखाते हुए मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता की सुरक्षा और काउंसेलिंग के लिए महिला पुलिस की तैनाती की गयी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सदर डीएसपी और बाजपट्टी थाना घटनास्थल छानबीन सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस मामले में एसपी अमित रंजन ने बताया कि घटना बाजपट्टी और नगर क्षेत्र के बॉर्डर पर हुई है। नगर थाने को एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद पुलिस पीड़िता के बयान के आधार पर एफआईआर की प्रक्रिया कर रही है। वहीं सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। मां के द्वारा बताए गए स्थान से साक्ष्यों का संकलन किया गया है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें गिरफ्तार करके सजा दिलाई जाएगी। इस बीच पीड़ित परिवार की सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved