इंदौर न्यूज़ (Indore News)

देर रात तक जमा होता रहा पैसा, 20 करोड़ से ज्यादा आए

  • आज दिनभर और होगी पोस्टिंग, आंकड़ा 22 करोड़ तक जाने की उम्मीद, कई जगह पोर्टल की गड़बडिय़ों से लोग हुए परेशान

इन्दौर (Indore)। कल लोक अदालत (People’s Court) के चलते नगर निगम (Municipal council) के कई झोनलों पर लोगों की भीड़ थी और राशि जमा कराने का सिलसिला दोपहर से रात 10.30 बजे तक चलता रहा। देर रात तक निगम अफसरों ने 20 करोड़ से ज्यादा की राशि की पोस्टिंग कर दी थी और आज भी दिन में यह कार्य चलेगा। इससे यह आंकड़ा 22 करोड़ के आसपास पहुंचने की उम्मीद है।

कई बड़े बकायादारों को नगर निगम अफसरों ने नोटिस भेजकर लोक अदालत की सूचना दे दी थी, ताकि वे बकाया राशि जमाकर छूट का लाभ ले सकें। कल कई झोनों पर सुबह बहुत कम लोग आए, जबकि दोपहर में कई झोनलों पर करदाताओं की भीड़ नजर आई। निगमायुक्त हर्षिका सिंह, राजस्व अपर आयुक्त अभिषेक गेहलोत, राजस्व समिति प्रभारी निरंजसिंह चौहान कई झोनलों पर दौरा करने पहुंचे तो वहां कई करदाताओं ने ई-नगरपालिका के पोर्टल की शिकायत भी की। कई जगह पोर्टल धीमी गति से चल रहा था तो कई जगह कुछ अन्य परेशानियों के चलते राशि जमा कराने में दिक्कतें आ रही थीं। अफसरों के मुताबिक शाम से राशि जमा कराने का सिलसिला तेजी से चला, जो रात 10.30-11 बजे तक चलता रहा। इसके बाद अफसरों ने पोर्टल पर 20 करोड़ 80 लाख रुपये की पोस्टिंग की थी। अधिकारियों का कहना है कि आज भी पोस्टिंग के कार्य चलेंगे, जिससे यह आंकड़ा 22 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है।


ऐसी थीं गड़बडिय़ां…. 4 हजार बकाया थे, 48 हजार बता रहा था पोर्टल
ई-नगरपालिका के पोर्टल पर गड़बडिय़ों की शिकायतें लंबे समय से हो रही हैं। कुछ दिनों पहले पोर्टल 10 से 15 दिनों के लिए ठप भी हो गए थे और नगरीय प्रशासन विभाग के अफसरों को नगर निगम के अधिकारियों ने शिकायत की थी, तब वहां से अफसरों की टीम यहां आई थी और सुधार कार्य के बाद जैसे-तैसे पोर्टल शुरू हुए थे। कल लोक अदालत के दौरान कई झोनलों पर राजस्व अधिकारियों से करदाताओं का विवाद होता रहा, क्योंकि उनके खातों में 4 हजार की राशि बकाया थी और पोर्टल पर 48 हजार बकाया बताए जा रहे थे। ऐसे कई जगह मामले आए, जिन्होंने मामले की शिकायतें निगमायुक्त हर्षिका सिंह को भी की।

Share:

Next Post

पुराने चिल्ड्रन वार्ड में घुसकर बदमाश चोरी की वारदातें कर रहे

Sun May 14 , 2023
कई कक्षों की खिड़कियों पर लगी जाली काटकर सामान ले गए-आरएमओ ने कहा आज रिपोर्ट दर्ज कराएंगे उज्जैन। जिला चिकित्सालय के पुराने चिल्ड्रन वार्ड में अस्पताल में प्रयोग होने वाला सामान भरा हुआ है और यहाँ आए दिन चोरी की वारदातें हो रहे हैं। सुरक्षाकर्मी यहाँ नहीं होने के कारण बदमाश खिड़कियों की जाली काटकर […]