खेल भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

तीरंदाजी प्रतियोगिता में MP Academy players ने जीते दो रजत और एक कांस्य पदक

भोपाल। उत्तराखंड के देहरादून में खेली जा रही 41वीं जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता (14th Junior National archery competition) में म.प्र. राज्य तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों (MP archery Academy players) ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मध्यप्रदेश को दो रजत और एक कांस्य दिलाकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

प्रतियोगिता के बालिका वर्ग रिकर्व इवेंट में अकादमी की खिलाड़ी सोनिया ठाकुर ने 642 अंकों के साथ मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया। झारखंड 661 अंकों के साथ पहले और हरियाणा 634 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। बालक वर्ग की रिकर्व स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी अमित कुमार ने 665 अंक प्राप्त कर मध्य प्रदेश को कांस्य पदक दिलाया। आंध्र प्रदेश 683 अंकों के साथ पहले और महाराष्ट्र 673 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

इसी तरह रिकर्व मिक्स्ड टीम इवेंट में मध्य प्रदेश तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ी सोनिया ठाकुर और अमित कुमार की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया। झारखंड पहले और पंजाब तीसरे स्थान पर रहा।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को दिल्ली से देहरादून जा रही शताब्दी एक्सप्रेस के कोच में भीषण आग लग गई, जिसमें मध्य प्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर के खिलाड़ी भी यात्रा कर रहे थे उन्हें सुरक्षित और सकुशल बचा लिया गया। लेकिन इस हादसे में उनके खेल उपकरण सहित अन्य सभी सामान आग की भेंट चढ़ गया। खिलाड़ियों को देहरादून में ही नए उपकरण और जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया।

प्रदेश के खिलाड़ी बेटे बेटियों पर गर्व
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि भीषण रेल हादसे में साजो-सामान और तीर-कमान गँवाने वाले मध्यप्रदेश के तीरंदाज खिलाड़ियों ने अपने बुलन्द हौसले को बनाए रखते हुए नये उपकरणों से भी देहरादून में खेली जा रही 41वीं जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश को दो रजत और एक कांस्य पदक दिलाया है। मध्य प्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर की खिलाड़ी बेटी सोनिया ने रजत और खिलाड़ी बेटे अमित ने कांस्य पदक जीतकर मध्य प्रदेश का मान बढ़ाया है। हमें अपने खिलाड़ी बेटे-बेटियों पर गर्व है।

मुश्किल घड़ी में खिलाड़ियों ने धैर्य और संयम से प्राप्त की सफलता
प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि रेल के भीषण हादसे में ईश्वर कृपा से हमारे सभी खिलाड़ी सुरक्षित और सकुशल हैं। खिलाड़ियों ने जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में पदक जीतकर साबित कर दिखाया है कि मुश्किल घड़ी में भी धैर्य और संयम से सफलता हासिल की जा सकती है। खेल मंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ी सोनिया ठाकुर और अमित कुमार को बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

खिलाड़ियों ने की मिसाल कायम
खेल संचालक पवन जैन ने कहा कि विषम परिस्थितियों के बावजूद मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ियों ने जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नए उपकरणों के सहारे मैडल जीत कर एक मिसाल पेश की है जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

इससे पहले प्रदेश को मिला रजत पदक
रेल हादसे से पूर्व जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में राज्य तीरंदाजी अकादमी की खिलाड़ियों ने मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने यह पदक कंपाउंड वूमेन टीम इवेंट में 222 अंकों के साथ अर्जित किया। टीम में राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर की खिलाड़ी अरशिया चौधरी, निकिता डागर, अनुराधा अहिरवार और लक्षिता फिरके शामिल थीं। महाराष्ट्र की खिलाड़ी 224 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहीं। जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी के प्रशिक्षक रिचपाल सिंह सलारिया के मार्गदर्शन में अकादमी के खिलाड़ी भागीदारी कर रहे हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

मैं free electricity दूँ ये BJP-Congress वालों को पसंद नहीं : केजरीवाल

Mon Mar 15 , 2021
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने किराड़ी क्षेत्र की 114 कॉलोनियों के लिए सीवर परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना का लाभ इस क्षेत्र की बड़ी जनसंख्या को मिलेगा। परियोजना का शिलान्यास करने पहुंचे केजरीवाल ने यहां अपना एक राजनीतिक भाषण भी दिया। साथ में आम आदमी पार्टी (आप) की योजनाएं […]