
इंदौर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की भाजपा विधायक उषा ठाकुर (BJP MLA Usha Thakur) ने नवरात्रि (Navaratri) के दौरान गरबा पंडालों (Garba Pandals) में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने बिना किसी आधिकारिक आंकड़े के एक अजब दावा किया कि हर साल गरबे के दौरान करीब 4.5 लाख हिंदू लड़कियां विधर्मियों के साथ चली जाती थीं और बाद में करीब 9 लाख बच्चों को जन्म देतीं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग पहचान छिपाकर पंडालों में आते हैं इसलिए पहचान करना जरूरी है।
4.5 लाख हिंदू लड़कियां विधर्मियों के साथ भाग जाती थीं
उषा ठाकुर ने कहा कि यह मुद्दा अब भी कायम है। यह जनसांख्यकी को प्रभावित करने वाला दुखदायी मुद्दा था क्योंकि हर साल करीब 4.5 लाख हिंदू लड़कियां विधर्मियों के साथ भाग जाती थीं। बाद में ये लड़कियां करीब 9 लाख बच्चों को जन्म देतीं। इसका जनसांख्यकी पर असर पड़ रहा था। हालांकि उन्होंने इन आंकड़ों के समर्थन में आधिकारिक स्रोत नहीं बताया।
जो मूर्ति पूजा नहीं करते उनको प्रवेश नहीं
भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि जनसांख्यकी पर पड़ रहे असर को देखते हुए हमारे सभी संगठनों ने प्रण किया कि किसी भी गरबा पांडाल में उन लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाएगा जो मूर्ति पूजा नहीं करते हैं। दूसरे धर्म के ऐसे लोगों को प्रतिबंधित किया जाएगा जो साजिश के तहत कलावा बांधकर या तिलक लगाकर गरबा पांडालों में प्रवेश करते हैं।
हिंदू बहन बेटियों को भ्रमित करने आते हैं विधर्मी
उषा ठाकुर ने यह भी कहा कि गरबा पंडालों में कुछ लोग हिंदू बहन बेटियों को कथित तौर पर भ्रमित करने के उद्देश्य से पहुंचते हैं। ऐसे विधर्मी लोग हमारी बेटियों का जीवन नर्क बनाते हैं। कोई भी राष्ट्रभक्त नागरिक ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने दे सकता है। गरबा पांडालों में विधर्मियों की एंट्री पर रोक लगाई जानी चाहिए।
गरबा का मूल धार्मिक स्वरूप बरकरार रखें
भाजपा विधायक ने यह भी कहा कि गरबा शक्ति की साधना से जुड़ा नृत्य है। पारंपरिक गरबा में साधना और धार्मिक भावना प्रमुख थी लेकिन अब कई आयोजन महंगे डिजाइनर परिधानों, गहनों और टैटू के प्रदर्शन तक सीमित हो रहे हैं। गरबा के मूल धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप को बनाए रखने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
अपनी बहन बेटियों को भी लाएं मुस्लिम- BJP विधायक
मध्य प्रदेश के ही भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी गरबा उत्सवों में मुसलमानों के प्रवेश को लेकर एक तीखी टिप्प्णी की है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुस्लिम युवक गरबा में अकेले क्यों आते हैं? उनको भी अपनी बहन, बेटियों को साथ लाना चाहिए। इस बयान पर विपक्षी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved