
सीधी। सीधी जिले (Sidhi District) में जमीनी विवाद के चलते रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है। मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरौला चौकी के धनिगवा पश्चिम टोला में खेत में पानी लगा रहे एक 50 वर्षीय व्यक्ति की उसके ही चचेरे भाइयों ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक अपने खेत में सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान जमीन के पुराने विवाद को लेकर उसका अपने चचेरे भाइयों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने कुल्हाड़ी से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मड़वास थाना प्रभारी भूपेश वैश्य पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है और मामले की बारीकी से विवेचना की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved