बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्र : जनजातीय उत्सव में सपत्नी शामिल हुए मुख्यमंत्री, ढोल बजाकर किया नृत्य

कोरोना का प्रभाव कम होते ही चला आया अपनों के बीच अपना भगोरिया मनानेः मुख्यमंत्री शिवराज

बडवानी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) गुरुवार को जनजाति समाज के पारंपरिक लोक उत्सव भगोरिया (Traditional folk festival Bhagoria) में शामिल होने के लिए आकांक्षी जिला बड़वानी के सबसे दुर्गम क्षेत्र के विकासखंड पाटी मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह चौहान भी थीं। वनवासियों की पारंपरिक वेशभूषा पहने मुख्यमंत्री ने जनजाति बंधुओं के साथ उनके उल्लास में शामिल हुए और जमकर नृत्य कर ढोल भी बजाया।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के चलते वे अपने जनजातीय भाइयों से मिलने के लिए लंबे अरसे से बाट जोह रहे थे। जैसे ही कोरोना कंट्रोल हुआ, वैसे ही वह अपनों के बीच अपना भगोरिया मनाने के लिए चले आए। उन्होंने जनजातीय बंधुओं से कहा कि दो साल बाद कोरोना कंट्रोल हुआ है, इसलिए दिल खोलकर उत्सव मनाएं। इस पर्व में ढोल-मांदल की गूंज से चारों और उल्लास का वातावरण निर्मित होना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सहपत्नी जनजातीय भाइयों के साथ कदम से कदम मिलाकर लय और ताल से नृत्य भी किया।

पाटी के भोगरिया में पारंपरिक मांदल से गूंजा वातावरण

सुदूर जनजातीय अंचल के विकासखंड पाटी में कोरोना संक्रमण के चलते लंबे अरसे से उत्सव का रंग फीका पड़ गया था, जिसे गुरुवार को मुख्यमंत्री की सपत्नी उपस्थिति ने उल्लास के रंग से सराबोर कर दिया। इस भगोरिया उत्सव में 30 से अधिक पारंपरिक वाद्य यंत्रों विशेषकर ढोल, मांदल के साथ युवाओं, महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने भी पारंपरिक वाद्ययन्त्र बजाकर उत्सव में आनंद का संचार किया। मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी जमकर थिरके।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में निकला पारंपरिक चल समारोह

गुरुवार को उस समय उत्सव का उल्लास और दोगुना हो गया, जब जनजातीय बंधुओं के साथ मुख्यमंत्री भी सपत्नी उमंग का जोश भरने के लिए चल समारोह में शामिल हुए। इस दौरान नगरवासियों ने अपने भवनों की छतों पर चढ़कर चल समारोह पर पुष्प वर्षा की तथा मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

मंत्री पटेल ने मुख्यमंत्री काे भेंट किया पारंपरिक साफा व तीर कमान

भगोरिया उत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल, सांसद सुमेर सिंह सोलंकी व गजेंद्र सिंह पटेल ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर एवं तीर कमान भेंट कर उनका अभिनंदन भी किया।

जनजातीय भाइयों ने भरी कुर्राटी, मुख्यमंत्री ने बजाया ढोल

कोरोना के कारण लंबे समय आयोजित लोक संस्कृति का भगोरिया पर्व पर जहां जनजातीय भाइयों ने अपने मूछों पर ताव देते हुए कुर्राटी भरकर कोरोना पर विजय की जय घोष किया। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी जनजाति संस्कृति में विशेष स्थान रखने वाले ढोल को बजाकर वातावरण को पूरी तरह लोक संस्कृतिमय कर दिया।

मुख्यमंत्री ने की पाटी के विकास की कई घोषणाएं

भगोरिया पर्व के दौरान जनजातीय भाइयो को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर पाटी के विकास के लिए कई जनहितैषी घोषणाएं कीं। उन्होंने पाटी के बस स्टैण्ड के लिये 40 लाख, गोई नदी पर नए पुल निर्माण के लिये 13 करोड़, घाट निर्माण के लिये 60 लाख, स्ट्रीट लाइट के लिये 80 लाख, अम्बा फल्या में पुलिया निर्माण के लिए 18 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने गोई नदी में स्टाप डेम बैराज बनाकर पानी रोकने व किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

उन्होंने युवाओं से कहा कि पुलिस की छह हजार पद के लिए भर्ती हो चुकी है। अभी छह हजार और रिक्तियां निकाली जाएंगी। इसमें शारीरिक दक्षता के भी अंक दिये जाएंगे, जो लिखित परीक्षा के बराबर होंगे। जल्दी ही और शिक्षकों के पदों एवं बैकलाग के पदों पर भी भर्ती की जायेगी। कोरोना काल के दौरान बंद हो गये सामूहिक विवाह आयोजन पुनः प्रारंभ किये जाएंगे। बड़वानी जिले में 600 से अधिक ग्रामों में से 280 ग्रामों में नलजल योजना के माध्यम से पानी पहुंचाने का कार्य प्रगति पर है, शेष ग्रामो में भी समूह नलजल योजना बनाकर इसी प्रकार नल के माध्यम से घर-घर टोटी के माध्यम से पीने का पानी पहुंचाया जायेगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में जनजातीय बंधुओं के साथ जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

Maharashtra में मिले 229 नए कोरोना संक्रमित, 3 कोरोना मरीजों की मौत

Fri Mar 18 , 2022
मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) में गुरुवार को राज्य में 229 कोरोना के नए संक्रमित (229 new corona infected) मरीज मिले हैं और 24 घंटे में 3 कोरोना मरीजों की मौत (death of 3 corona patients) हुई है। सूबे में कोरोना के कुल 1906 कोरोना मरीजों का इलाज जारी है। इनमें मुंबई के 323 एक्टिव कोरोना मरीज […]