खेल बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

MP: हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को सम्मानित करेंगे सीएम शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) के मुख्य आतिथ्य में आज गुरुवार दोपहर 12.30 बजे राजधानी भोपाल के मिंटो हॉल में टोक्यो ओलम्पिक-2020 (Tokyo Olympics-2020 ) के पदक विजेता ओलंपिक हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर (medalist Olympic hockey player Vivek Sagar) सहित अन्य प्रतिभागियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। समारोह की अध्यक्षता खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया करेंगी। कार्यक्रम में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।


समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ओलम्पियन हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर को सम्मान स्वरूप एक करोड़ रुपये की राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित करेंगे। समारोह में भारतीय हॉकी टीम के सहायक प्रशिक्षक शिवेन्द्र सिंह, अशोक ध्यानचंद, शूटिंग खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पैरा कयाकिंग खिलाड़ी प्राची यादव एवं शरद कुमार को भी सम्मानित किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय हॉकी टीम के सदस्य के रूप में शामिल विवेक सागर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना के विरुद्ध गोल किया था, जिसके फलस्वरूप भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच सकी। ओलम्पिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।

मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले के ग्राम चांदौन निवासी शिक्षक रोहित प्रसाद के बेटे विवेक सागर मध्यम वर्गीय परिवार से हैं। वर्ष 2018 में फोर नेशंस टूर्नामेंट, कॉमनवेल्थ गेम्स, चौम्पियन ट्रॉफी, यूथ ओलम्पिक, न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज, एशियन गेम्स तथा वर्ष 2019 में अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट, आस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज और फाइनल सीरीज भुवनेश्वर जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया।

विवेक सागर को यूथ ओलम्पिक में बेस्ट स्कोरर और फाइनल सीरीज भुवनेश्वर में बेस्ट जूनियर प्लेयर अवॉर्ड से भी नवाजा गया। एशियाड 2018 में भारत को कांस्य पदक दिलाने वाली भारतीय टीम में शामिल मिडफील्डर हॉकी खिलाड़ी विवेक 62 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिन्हें वर्ष 2018 में मध्य प्रदेश शासन द्वारा एकलव्य अवार्ड से सम्मानित किया गया है। विवेक सागर वर्तमान में पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड में कार्यरत हैं।

इसी प्रकार टोक्यो ओलम्पिक 2020 की भारतीय हॉकी टीम के सहायक प्रशिक्षक शिवेन्द्र सिंह ग्वालियर के हैं, जिन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर भारत को कांस्य पदक दिलाने में महती भूमिका निभाई। एयर इंडिया में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत शिवेन्द्र सिंह ने लंदन ओलम्पिक 2012 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कामनवेल्थ गेम्स-2010 दिल्ली में रजत पदक, एशिया कप 2004 में स्वर्ण पदक, सुल्तान अजलॉन शाह कप 2010 मलेशिया में स्वर्ण, चैम्पियन चैलेंज-2007 बेल्जियम और 2009 साल्टा तथा एशियन गेम्स 2010 में एक-एक कांस्य पदक देश को दिलाया। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

MP में कोरोना के 10 नये मामले, 14 संक्रमण मुक्त हुए

Thu Aug 12 , 2021
भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोना (Corona virus in Madhya Pradesh) के नये मामलों में इन दिनों घट-बढ़ देखने को मिल रही है। यहां बीते 24 घंटों में कोरोना के 10 नये मामले सामने आए हैं, जबकि 14 मरीज संक्रमण मुक्त (infection free) होकर अपने घर पहुंचे हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों (infected) की कुल संख्या […]