भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्रः राज्यपाल पटेल ने माण्डू के ऐतिहासिक स्थलों का किया भ्रमण

इंदौर। राज्यपाल मंगुभाई पटेल (Governor Mangubhai Patel) शुक्रवार को धार जिले के प्रवास पर रहे। उन्होंने प्रसिद्ध पर्यटन स्थल माण्डू पहुंचकर यहां ऐतिहासिक जहाज महल का भ्रमण किया और गाइड से महल के बारे में जानकारी ली। वे रूपायन कला दीर्घा भी गए, जहां उन्होंने स्वसहायता समूह के सदस्यों द्वारा बनाई गई वस्तुओं का अवलोकन कर सदस्यों से चर्चा की।

राज्यपाल नालछा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सिकल्स सेल एनीमिया जांच कैंप और ग्राम कागदीपुरा के शा.एकीकृत मा.शाला, आंगनवाड़ी, जीर्णोद्धार की गई बावड़ी भी पहुंचे। उन्होंने बच्चों एवं ग्रामीणों से चर्चा भी की। मांडू पहुंचने पर राज्यपाल पटेल की हेलीपेड पर पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह, जिला पंचायत सीईओ केएल मीणा, पूर्व विधायक कालूसिंह ठाकुर ने अगवानी की। माण्डू पहुँचने पर हेलीपैड पर उन्हें गॉड ऑफ ऑर्नर दिया गया।

आजीविका के अच्छे काम करो आगे बढ़ो और बच्चों को खूब पढाओ
राज्यपाल पटेल ने माण्डू के रूपायन केंद्र पहुँचकर स्वसहायता समूह के उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। रूपायन केंद्र पर स्वसहायता समूह द्वारा निर्मित वस्तुओं को देख सदस्यों से चर्चा की। राज्यपाल द्वारा धरा स्वसहायता समूह की महिलाओं के बनाए वस्त्रों का अवलोकन किया और भूरि-भूरि प्रशंसा की। मांडू के रूपायन केंद्र पर धरा स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा राज्यपाल का स्वागत खुद के बनाए हुए वस्त्रों से किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल को कपड़े पर हाथ से उकेरी गई रानी रूपमती का चित्र भेंट किया गया। राज्यपाल ने आजीविका मिशन समूह के सदस्यों से चर्चा करते हुए कहा कि आप अच्छे काम करो, आगे बढ़ो और अपने बच्चों को खूब पढाओ । इस दौरान जिले की पहचान बाग प्रिंट की कार्यपद्धति को बाग विकासखंड के वनवासी आजीविका स्व सहायता की सदस्य सरमी ढोढवे द्वारा बतलाते हुए प्रिंटिंग में लगने वाली प्राकृतिक सामग्री के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने स्व सहायता समूहों के स्टॉल का भ्रमण कर समूह के सदस्यों द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के उत्पाद के बारे में जानकारी ली।

राज्यपाल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नालछा का किया निरीक्षण
राज्यपाल पटेल द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नालछा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने सिकल सेल एनिमिया शिविर की जानकारी ली। उन्होंने स्क्रिनिंग पश्चात सिकल सेल एनिमिया पाये जाने पर संबंधित बालक/बालिकाओं के परिवार के अन्य सदस्यों की भी सिकल सेल एनिमिया कि स्क्रिनिंग सुनिश्चित करने के लिये कहा। राज्यपाल द्वारा पोषण पुनार्वास केन्द्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि धार जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के अधिक से अधिक संख्या में सिकल सेल की स्क्रिनिंग करवा कर शत-प्रतिशत लोगों का सिकल सेल की स्थिति ज्ञात कर उपचार एवं परीक्षण सुनिश्चित की जाए।

राज्यपाल द्वारा आंगनबाडी केन्द्र कागदीपुरा का निरीक्षण
राज्यपाल पटेल द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र कागदीपुरा क्रमांक एक का भ्रमण कर हितग्राहियों से चर्चा की गई। आंगनवाड़ी केन्द्र में उपस्थित बच्चों से आंगनवाड़ी में दी जा रही अनौपचारिक शिक्षा के संबंध में जानकारी ली गई। उपस्थित बच्चों के द्वारा विभिन्न प्रकार के शिक्षाप्रद गीतों का प्रस्तुतीकरण किया गया। उन्होंने आंगनवाड़ी केन्द्र में वितरित किये जा रहे पूरक पोषण आहार के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान राज्यपाल द्वारा गर्भवती एवं धात्री माताओं के संबंध में जानकारी भी ली गई। राज्यपाल द्वारा अति कम वजन के बच्चों के संबंध में जानकारी ली गई। उनके स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

Share:

Next Post

अन्नदाताओं का स्वर्णिम मध्यप्रदेश

Sat Feb 12 , 2022
– कमल पटेल अन्नदाताओं की खुशहाली और बेहतरी के लिए नित नये आयाम स्थापित करता हुआ हमारा मध्यप्रदेश प्रगति का स्वर्णिम इतिहास गढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अन्नदाताओं के प्रति असीम स्नेह सरकार की योजनाओं में भी निरंतर दिखाई पड़ता है। देश का हृदयस्थल मध्यप्रदेश प्रधानमंत्री के सपनों को साकार करने के लिए […]