
सिंगरौली। विकास के दावों के बीच सिंगरौली जिले के देवसर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करदा से सामने आई तस्वीरें सरकारी व्यवस्था की जमीनी हकीकत बयां करने के लिए काफी हैं। बताया जा रहा है कि बारिश के बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई, जिसके चलते प्रसव के लिए अस्पताल जा रही एंबुलेंस बीच रास्ते में ही फंस गई। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
जिस एंबुलेंस को मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना चाहिए, वही अगर सड़क के कीचड़ में फंस जाए तो जिम्मेदारी किसकी है? क्या किसी गर्भवती महिला की जिंदगी सड़क की बदहाली के भरोसे छोड़ देना ही विकास है? स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर कई दिनों से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
बारिश आते ही सड़क कीचड़ में बदल गई और अब आपातकालीन वाहन तक निकलना मुश्किल हो गया है।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उद्देश्य गांवों को बेहतर और बारहमासी सड़क सुविधा से जोड़ना है, लेकिन करदा में सामने आई स्थिति इन दावों पर ही सवाल खड़े कर रही है। यदि सड़क निर्माण के बाद भी एंबुलेंस कीचड़ में फंस रही है, तो निर्माण की गुणवत्ता, रखरखाव और जिम्मेदारी तय करने की जरूरत है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved