
मैहर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मैहर जिले (Maihar district) के बदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सारंग के बहिली गांव में आरक्षित वनभूमि से अवैध कब्जा हटाने के दौरान वन विभाग और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पथराव की घटना के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित 60 से 70 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। घटना में वन विभाग के दो कर्मचारी घायल हुए, जबकि अतिक्रमण हटाने में लगी दो जेसीबी मशीनों के कांच भी क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मैहर वन परिक्षेत्र की जुड़वानी बीट स्थित आरक्षित वनभूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि भीड़ ने वन विभाग की टीम पर पथराव कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद जिले भर से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और वनभूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी मैहर द्वारा थाना बदेरा में लिखित शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने रामसरोवर कोल, शिवप्रसाद कोल, राजू साकेत और रामप्रताप कोल को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा घटना में शामिल 60 से 70 अज्ञात महिला एवं पुरुषों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। घटनास्थल पर मौजूद वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved