
नई दिल्ली। दिल्ली की रोहिणी जेल में उस समय हड़कंप मच गया जब धारदार हथियार से हमला कर एक कैदी की हत्या कर दी गई। जिस कैदी की हत्या हुई वह आर्म्स एक्ट के मुकदमे में जेल में बन्द था। इस विचाराधीन कैदी का जेल के कुछ कैदियों के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद कुछ कैदियों ने विचाराधीन कैदी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में कैदी की मौत हो गई।
बताया जाता है कि यह घटना रोहिणी जेल के वार्ड 3 में दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुई। जिस कैदी की हत्या हुई वह कोई बड़ा गैंगस्टर नहीं है। यह भी बताया गया कि यह घटना किसी गैंगवार से जुड़ी हुई नहीं है। जिस कैदी की हत्या हुई उसका नाम प्रमोद बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक प्रमोद जेल के अंदर तंबाकू बेचता था। इसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हुई थी। भोला और मुकेश नाम के कैदियों पर प्रमोद की हत्या का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved