खेल देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्र की Muskan विश्व आर्चरी चैम्पियनशिप में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

भोपाल। यूएसए के यांगटन शहर में आगामी 19 से 26 सितम्बर, 2021 तक होने जा रही सीनियर विश्व आर्चरी चैम्पियनशिप (Senior World Archery Championship) में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी (Madhya Pradesh State Archery Academy) जबलपुर की खिलाड़ी मुस्कान किरार (Muskan Kirar) भारतीय तीरंदाजी टीम (Indian Archery Team) का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारतीय टीम में चयन होने पर प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुस्कान किरार को बधाई दी है। उन्होंने सीनियर विश्व आर्चरी चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और देश के लिए पदक जीतने के लिए प्रोत्साहित करते हुए मुस्कान को शुभकामनाएं दी हैं।


हरियाणा के सोनीपत में 2 से 5 अगस्त, 2021 तक सीनियर विश्व आर्चरी चैम्पियनशिप के लिए खेले जा रहे ट्रायल में मुस्कान किरार द्वारा किए गए शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका भारतीय तीरंदाजी टीम में चयन हुआ है और वे मध्य प्रदेश की एक मात्र चयनित खिलाड़ी हैं। तीन पुरुष और तीन महिला खिलाड़ियों की भारतीय तीरंदाजी टीम में दिल्ली के अभिषेक वर्मा, पंजाब के संगमप्रीत और हरियाणा के रिषभ यादव तथा महिला खिलाड़ियों में मुस्कान किरार के अलावा पेट्रोलियम स्पोट्र्स प्रमोशन बोर्ड की ज्योति सुरेखा और राजस्थान की प्रिया गुर्जर शामिल हैं।

प्रदेश के खेल संचालक पवन जैन ने भी मुस्कान किरार को सीनियर वर्ल्ड आर्चरी चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

मुस्कान की उपलब्धियां
मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में वर्ष 2016 से तीरंदाजी खेल में प्रतिभा निखार रही मुस्कान किरार दो बार की एशिया कप चैम्पियन है। उन्होंने दो स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य सहित 11 पदक देश को दिलाए हैं। मुस्कान ने वर्ष 2019 में बैंकाक थाइलैंड में आयोजित 21वीं एशियन आर्चरी चैंपियनशिप के कंपाउंड टीम इवेंट में देश को रजत पदक दिलाया। इसी वर्ष नीदरलैंड में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप के कंपाउंड टीम इवेंट में देश को कांस्य पदक दिलाया।

उन्होंने वर्ष 2018 में एशिया कप स्टेज 1 में व्यक्तिगत स्पर्धा में एक स्वर्ण और टीम स्पर्धा में एक कांस्य पदक भारत को दिलाया। इसी तरह वर्ष 2019 में बैंकाक थाइलैंड में आयोजित एशिया कप स्टेज-1 की व्यक्तिगत स्पर्धा में एक स्वर्ण और टीम स्पर्धा में एक रजत तथा मिक्स टीम स्पर्धा में एक कांस्य पदक देश को दिलाया। उन्होंने वर्ल्ड कप और एशिया कप में देश को चार रजत पदक दिलाए हैं।

मुस्कान किरार खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा जबलपुर में संचालित तीरंदाजी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं तकनीकी सलाहकार रिचपाल सिंह सलारिया से तीरंदाजी खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

Honda Amaze Facelift 2021 भारत में इस दिन होगी लॉन्‍च, जानें फीचर्स में क्‍या मिलेगा खास

Thu Aug 5 , 2021
नई दिल्ली। वाहन निर्माता कंपनी Honda अपनी एक नयी लेटेस्‍ट और पॉपुलर सिडैन Honda Amaze इस महीने नए अवतार के साथ भारत में आ रही है, जो कि Honda Amaze Facelift 2021 है। आगामी 18 अगस्त को इसे भारत में लॉन्च किया जाएगा और जो लोग होंडा की इस टॉप सिडैन को खरीदने का मन […]